बिहार में एक बार फिर से मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 10 जिलों के लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है। यानी अगले 24 घंटे में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल जाएगा। पूर्वी बिहार के जिले सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
इन 10 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट
शनिवार को गया, नवादा एवं राज्य के पूर्वी भागों में मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। 24 घंटों के दौरान जमुई, बांका में हल्की वर्षा के साथ मेघ गर्जन की संभावना है। इसके अलावा कटिहार, खगड़िया, सहरसा,भागलपुर और बेगूसराय में भी बारिश की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट की संभावना है।
गुरुवार को कैसा रहा मौसम
गुरुवार को राजधानी समेत आसपास इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहा।बिहार का मौसम शुष्क बने होने के कारण पटना सहित 20 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
पटना का अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री वृद्धि के साथ 29.4 डिग्री सेल्सियस व 31.5 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी (रोहतास) में प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पटना समेत अधिसंख्य भागों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पटना का न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस एवं 11.7 डिग्री सेल्सियस के साथ अगवानपुर (सहरसा) में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
क्यों बदल रहा मौसम का मिजाज
चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र पश्विम राजस्थान व इसके आसपास एवं गांगेय पश्चिम बंगाल के आसपास बना हुआ है। इनके प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना है।
बारिश के दौरान क्या न करें?
बारिश के दौरान नहाने से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
बारिश के दौरान बिजली के खंभों से दूर रहना चाहिए, क्योंकि वे बिजली के झटके का कारण बन सकते हैं।
बारिश के दौरान पानी भरे इलाकों में जाने से बचना चाहिए, क्योंकि इसमें खतरनाक जीवाणु और विषाक्त पदार्थ हो सकते हैं।
बारिश के दौरान ड्राइविंग करने से बचना चाहिए, क्योंकि सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं और दृश्यता कम हो सकती है।
बारिश के दौरान बिजली के उपकरणों का उपयोग करने से बचना चाहिए, क्योंकि इसमें बिजली के झटके का खतरा हो सकता है।