Chandrayaan-3: भारत के चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए देश के साथ दुनिया भर में रहने वाले विभिन्न धर्मों के भारतीय प्रार्थनाएं कर रहे हैं। अलग-अलग धर्मों से होने के बावजूद लोग देश के लिए एक साथ आ रहे हैं और अपनी मान्यताओं के अनुसार प्रार्थना कर रहे हैं। यह प्रार्थनाएं सिर्फ चंद्रयान-3 की सफल लैड़िंग के लिए ही नहीं बल्कि देश की एकजुटता की भी मिसाल पेश कर रही है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अनुसार, चंद्रयान-3 आज भारतीय समयानुसार लगभग 06:04 बजे चंद्रमा पर उतरने की कोशिश करेगा।
ऋषिकेश में पूजा लखनऊ में नमाज
बुधवार की शाम को चंद्रयान-3 मिशन की लैंडिंग से पहले ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन घाट पर हाथों में तिरंगा लेकर गंगा आरती की गई। गंगा आरती से पहले हवन किया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी चंद्रयान की सफल लैंडिंग के लिए इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में लोगों ने नमाज अदा की।
महाकालेश्वर मंदिर में चंद्रयान-3 के लिए विशेष ‘भस्म आरती
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए विशेष ‘भस्म आरती’ की गई। इसके अलावा चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के लिए अमेरिका के वर्जीनिया के एक मंदिर में हवन किया गया। अमेरिका के न्यू जर्सी के मोनरो में ओम श्री साईं बालाजी मंदिर और सांस्कृतिक केंद्र में भी चंद्रयान की सफलता के लिए प्रार्थना की गई।
अमेरिका में हुई पूजा
अमेरिका के साई ए. शर्मा ने बताया, “आज हम चंद्रयान-3 की सफलता के लिए हवन कर रहे हैं। हम लक्ष्मीनरसिम्हा स्वामी से प्रार्थना कर रहे हैं। हम ‘महागणपति हवन’ भी कर रहे हैं। लक्ष्मीनरसिम्हा स्वामी के आशीर्वाद से यह मिशन सफल होगा।” वहीं मशहूर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक की टीम ने चंद्रयान-3 मिशन की लैंडिंग से पहले सैंड आर्ट बनाकर शुभकामनाएं दीं।