Wednesday, March 22, 2023
Homeमध्यप्रदेशकांग्रेसजन सीना ठोक कर मैदान में जाये और कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों...

कांग्रेसजन सीना ठोक कर मैदान में जाये और कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को जनता को बतायें: कमलनाथ

  • भाजपा के पास केवल पैसा, पुलिस और प्रशासन बचा है, यह वे
  • भाजपा भी जानती है और जनता भी जानती है: कमलनाथ
  • पीसीसी डेलीगेट प्रदेश की महत्वपूर्ण कड़ी: जे.पी. अग्रवाल
  • कांग्रेस संगठन को सुदृढ़ बनाने निष्ठा से काम करें: खुंटिया

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने पीसीसी डेलीगेटर्स को संबोधित करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि संगठन में निर्वाचन की कार्रवाई पूरे प्रदेश में चुनाव निर्वाचन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री खुटिया जी, एपीआरओ और डीआरओ द्वारा की गई और आप पीसीसी डेलीगेट बने हैं। आज की बैठक में आपकी निष्ठा आपको यहां खींच कर लाई है, उसी निष्ठा से आप अपने गांव और वार्ड में काम करें।ं कांग्रेस की संस्कृति हमेशा से जोड़ने की रही है और उसी संस्कृति के कारण आज देश का हर नागरिक एक झंडे के नीचे खड़ा हैं। हमारी उसी संस्कृति पर आज आक्रमण हो रहा है, समाज को बांटा जा रहा है, धर्म को बांटा जा रहा है, जाति को बांटा जा रहा है।
श्री नाथ ने कहा कि हमारा मुकाबला बीजेपी से है, बीजेपी की नीतियों से है, और उसके संगठन से हैं। केवल 12 महीने बचे हैं, आप लोग अभी से काम पर लग जाये। जब कांग्रेस की सरकार बनी थी तो हमने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया। कांग्रेस सरकार में जो काम हुये, आप लोग मैदान में जाएं तो सीना ठोक कर जनता से कह सकते हैं, डरने की जरूरत नहीं है। भाजपा अपनी 18 साल की सरकार का हिसाब नहीं दे। पहले 25 प्रतिशत लोग सोशल मीडिया से लोग जुड़े थे आज 95 प्रतिशत लोग सोशल मीडिया से जुड़े हुए हैं। मंडलम-सेक्टर को मजबूत करें क्योंकि कोई भी ब्लाक 150 बूथ नहीं संभाल सकता है। राजनीति में आज काफी परिवर्तन हुआ है। आपकी निष्ठा ही कांग्रेस को सत्ता में ला सकती है।
श्री नाथ ने कहा कि मोदी जी ने 2013 में 2 करोड रोजगार देने की बात की,  2019 में पाकिस्तान व राष्ट्रवाद की बात की। आज वे छोटे व्यापारी की बात नहीं करेंगे रोजगार की बात नहीं करेंगे, किसानों की बात नहीं करेंगे। हमेशा से जनता का ध्यान मोड़ने की राजनीति भाजपा करती आयी है। जीएसटी-नोटबंदी से हर नागरिक परेशान है, देश में आर्थिक संकट खड़ा कर दिया गया है। किसान खाद बीज के लिए भटक रहा है।  मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था कृषि क्षेत्र पर आधारित है, यदि गांव ही मजबूत नहीं होंगे तो प्रदेश मजबूत कैसे होगा।
श्री नाथ ने कहा कि मोदी जी आज चीते छोड़ने का इंवेट कर रहे हैं। वह भी वहां जहां सबसे ज्यादा बच्चे कुपोषित है। नवम्बर 23 में चुनाव होना है, आप पूरी निष्ठा से जुट जायें। उन्होंने राहुल गांधी की यात्रा को लेकर कहा कि मप्र मंे 16 दिन यह यात्रा निकलेगी, ज्यादा से ज्यादा लोग यात्रा में शामिल हो, इस यात्रा से जुड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। भारत जोड़ो यात्रा से बीजेपी के पेट में दर्द हो रहा है। भाजपा ध्यान मोड़ने का काम कर रही है, तरह-तरह की कलाकारी कर रही है, बीजेपी के पास केवल पैसा पुलिस और प्रशासन बचा है, यह वे भी अच्छी तरह जानते हैं, और जनता भी जानती है।
कांग्रेस के इतिहास में यह लम्हा हर 5 साल में आता है, जिसमें कुछ प्रतिनिधि के रूप में चुने जाते हैं, कुछ रह जाते हैं। कांग्रेस के इतिहास के पन्नों पर आज आपका नाम लिखा गया है और आप कांग्रेस संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, आप प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व है। जो डेलीगेट नहीं बन पाए हैं, उनको साथ लेकर चलना आपकी जिम्मेदारी है। यदि वे आपसे पीछे रह गए तो कांग्रेस से छूट जाएंगे। हम सब मिलकर सड़कों पर काम करने के लिए पूरी निष्ठा से जुट जायें। कांग्रेस के मप्र प्रभारी जे.पी. अग्रवाल ने आज राजधानी के मानस भवन में आयोजित प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।
श्री अग्रवाल ने कहा विधानसभा चुनाव का पूरा एक साल बचा है, इस एक साल में आप लोगों से पूरी नजदीकी से जुड़कर पार्टी संगठन को मजबूत करूंगा। प्रदेश के हर जिले में जाऊंगा और सभी से एक-एक कर मिलूंगा। कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनके कारण हमारी सरकार गिरी, ऐसे लोगों को जयचंद का नाम दिया गया है। हर राजनीतिक पार्टियों के सामने चुनौतियां आती हैं, लेकिन इसका हम सबको डटकर मुकाबला करना है।  
श्री अग्रवाल ने राहुल गांधी की भारत जोड़ा यात्रा को लेकर कहा कि यात्रा में लाखों की संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं, यात्रा के शुरूआत होने से भाजपा हिल गई है, जब यात्रा का हुजूम देखेंगे तो भाजपा की नींद हराम हो जाएगी।
मध्य प्रदेश चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष आर. सी. खुंटिया ने संगठन चुनाव की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के 26 लाख नये सदस्य इस सदस्यता अभियान में बनाए गए, जो बहुत बड़ी संख्या है। संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों के सहयोग से पीसीसी डेलीगेट का चयन किया गया है, जिसमें कांग्रेस संगठन को सुदृढ़ करने के लिए आप सभी को डेलीगेट बनाया गया है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह द्वारा प्रस्ताव किया गया, जिसमें कहा गया कि मप्र मप्र कांग्रेस के सभी निर्वाचित सदस्य सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हैं कि मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, समस्त कार्यकारिणी, पदाधिकारियों, मप्र चुनाव समिति और मप्र से एआईसीसी सदस्य मनोनीत करने के लिए अभा कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा श्रीमती श्रीमती सोनिया गांधी को अधिकृत करते हैं। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव द्वारा सभी पीसीसी डेलीगेट की ओर से पारित प्रस्ताव का हाथ उठाकर सर्वसम्मति से समर्थन किया गया।    
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिवगण संजय कपूर, सुधांशु त्रिपाठी सी.पी. मित्तल, कुलदीप इंदौरा, संगठन चुनाव के लिए नियुक्त एपीआरओ तरूण त्यागी, चक्रवर्ती, श्री शर्मा, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एनपी प्रजापति, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, जीतू पटवारी, कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, प्रकाश जैन, कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा और सेवादल के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र जोशी, श्रीमती शोभा ओझा, ठाकुर रजनीश सिंह मंच पर उपस्थित थे।
बैठक का संचालन महामंत्री राजीव सिंह ने किया। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने उपस्थित कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश भर से आये सभी प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

Join Our Whatsapp Group