रांची: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 11 नवंबर तक सुबह में कोहरा या धुंध छा सकती है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। राज्य के मध्य, दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, इसके बाद तापमान में स्थिरता बने रहने की उम्मीद है।
रांची में आज शनिवार को अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम 13°C रहने का अनुमान है। 9 नवंबर को न्यूनतम तापमान घटकर 11°C तक पहुंच सकता है। 10 और 11 नवंबर को अधिकतम तापमान 25°C और न्यूनतम तापमान 11°C के आसपास रहने की संभावना है। सुबह और शाम की ठंड बढ़ेगी, जबकि दिन में मौसम सुहावना और हल्का गर्म रहेगा।
राज्य में अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटे में झारखंड के किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं हुई है। उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण सुबह और रात की ठंडक बढ़ गई है, जबकि दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 32.9°C और सबसे कम तापमान गुमला में 12.6°C रिकॉर्ड किया गया।
रांची मौसम अपडेट के अनुसार, इस समय लोगों को सुबह-शाम के समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है, जबकि दिन के समय हल्का और सुहावना मौसम रह सकता है।









