जबलपुर में सिहोरा के मंदिर में आरती के दौरान तोड़ फोड़, इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

0
8

जबलपुर: जबलपुर के सिहोरा में आजाद चौक इलाके में दुर्गा मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के बाद तनाव फैल गया. आजाद चौक, वार्ड नंबर 5 में आरती के दौरान एक युवक द्वारा मंदिर की ग्रिल तोड़े जाने की जानकारी मिली थी. इसके बाद दोनों समुदाय आमने-सामने आ गए और मारपीट व पथराव की घटना हुई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आई और स्थिति को नियंत्रित कर लिया. साथ ही त्यौहार के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

 

घटना के बाद इलाके में हालात नियंत्रण में

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब मंदिर में आरती चल रही थी. आरती के दौरान एक युवक ने मंदिर में प्रवेश कर ग्रिल तोड़ दी. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई. भीड़ में दोनों समुदाय के कई लोग क्रोध में लाठी-डंडे ले कर मौके पर पहुंच गए.

 

पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

जैसे ही पुलिस को इस विवाद की स्थिति का पता चला पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंच गई. हालात बिगड़ते देख भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के करीब 6 गोले छोड़े. साथ हीं भीड़ को कंट्रोल करने के लिए अतिरिक्त बल भी बुलाया गया. पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.

 

पुलिस प्रशासन की लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

सिहोरा के वर्तमान विधायक संतोष बरकड़े ने बताया कि "उन्हें विवाद और घटना की जानकारी प्राप्त हुई तो मामले की गम्भीरता को समझते हुए पुलिस अधिकारियों से बात कर हालात की समीक्षा की है. वहीं, प्रभारी मंत्री को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया है. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है."

 

कलेक्टर सहित पूरा प्रशासनिक अमला पहुंचा घटना स्थल

गुरुवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंच कर स्थिति पर काबू पा लिया था. कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय भी मौके पर पहुंच गये थे. पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि "किसी भी धार्मिक स्थल को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. दोनों पक्षों से किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है. स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण में है एवं पर्याप्त पुलिस बल को तैनात किया गया है."