विश्व वानिकी दिवस पर विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

0
6

रायपुर :  विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर 21 मार्च को बलौदाबाजार वनमंडल में जनजागरूकता, सहभागिता और संवाद आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि वन हमारे जीवन, आजीविका और भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

इस अवसर पर जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए पेंटिंग, निबंध लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने वन संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन जैसे विषयों पर अपने विचार रचनात्मक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत वन एवं वन्यजीव अपराध अन्वेषण एवं अभियोजन विषय पर एक कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें अतिरिक्त जिला न्यायाधीश राकेश कुमार वर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गिरीश पाल सिंह तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट कसडोल सुश्वेता मिश्रा की उपस्थिति रही। कार्यशाला में वन्यजीव अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधान, जांच प्रक्रिया, साक्ष्य संकलन एवं न्यायालयीन कार्यवाही की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को विधिक प्रक्रियाओं की बेहतर समझ मिली।

वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वनों का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से व्यक्तिगत एवं सामूहिक स्तर पर वन संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उप वनमंडलाधिकारी निश्चल शुक्ला, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अजय मिश्रा, बारनवापारा अभयारण्य के अधीक्षक कृषानू चन्द्राकार सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।