काली का रूप धरकर कर रहा था नृत्य, मंच से गिरते ही युवक की मौत, गांव में मातम

0
6

MP News: चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर उमरिया जिले की जनपद पंचायत करकेली के ग्राम पठारी में दुर्गा कलश स्‍थापना के विसर्जन कार्यक्रम में उस समय मातम छा गया, जब खुशी और भक्त‍ि में झूम रहे एक युवक की अचानक मौत हो गई.

काली नृत्य की प्रस्‍तुति देते हुए गिर पड़े

गांव के रहने वाले 40 वर्षीय रामगरीब कोल कार्यक्रम में काली माता का रूप धारण करके पारंपरिक नृत्य की प्रस्‍तुति दे रहे थे. बैंड बाजे की गूंज और भक्तों की भारी भीड़ के बीच उनका प्रदर्शन पूरे जोश में चल रहा था. लोग रामगरीब की प्रस्‍तुति को देखकर भाव-विभोर हो रहे थे. उसी वक्त अचानक मंच पर ही वे लड़खड़ाकर देखते ही देखते जमीन पर गिर गए.

शुरूआत में वहां मौजूद लोगों को लगा कि यह भी प्रस्‍तुति का ही एक हिस्‍सा हो, लेकिन जब वह कुछ देर तक नहीं उठे तो लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्‍हें संभाला और उठाने की कोशिश की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

डॉक्‍टरों ने मृत घोषित किया

ग्रामीणों ने इस पूरे घटनाक्रम पर बताया कि उन्हें तुरंत अस्‍पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन प्राथमिक जानकारी में सामने आया कि उनकी मृत्यु हो गई. डॉक्‍टरों ने उनकी मौत को प्रारंभिक तौर पर ह्रदयाघात का कारण बताया. उनकी मौत के बाद जहां कुछ देर पहले तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ था, वहीं अचानक सन्नाटा छा गया.

हमेशा धार्मिक आयोजनों में होते थे शामिल

बताया जा रहा है कि रामगरीब कोल गांव में अक्सर धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्‍सा लेते थे और हर साल नवरात्रि के दौरान काली नृत्य की प्रस्‍तुति दिया करते थे. उनकी अचानक मौत हो जाने से पूरे परिवार सहि‍त गांव में मातम छाया हुआ है. इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान और दुखी है.