किसान समृद्ध होंगे तो गांव और देश बनेगा खुशहाल- प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म

0
7

जयपुर। राज्य मंत्री गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग एवं जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को धौलपुर के ग्राम धनौरा में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि किसान मजबूत होगा तो गांव, प्रदेश और देश स्वतः समृद्ध और खुशहाल बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गईं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं से लाखों किसान लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों को दी जाने वाली सम्मान निधि को 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये कर दिया है तथा भविष्य में इसे 12 हजार रुपये तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने किसानों से आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि कृषि पर्यवेक्षकों से संपर्क कर नई तकनीकों की जानकारी लें, मृदा परीक्षण करवाएं तथा ग्रीन हाउस खेती, जैविक खेती और वर्मी कम्पोस्ट जैसी उन्नत पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन और आय दोनों बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को बीज किट उपलब्ध करा रही है और कृषि संयंत्रों पर अनुदान भी दिया जा रहा है।

पशुपालकों के हितों का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना शुरू कर पशुपालकों को आर्थिक मजबूती देने का कार्य किया है। पशुओं के उपचार के लिए मोबाइल वेटरनरी यूनिट संचालित की जा रही हैं तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए दूध संकलन केंद्रों की संख्या में लगातार वृद्धि की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना सहित विभिन्न जल परियोजनाओं के कार्यों को गति दी गई है ताकि किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध हो सके। साथ ही बिजली क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं और प्रदेश के 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने किसानों से पीएम कुसुम योजना से जुड़कर “अन्नदाता के साथ ऊर्जा दाता” बनने का आह्वान किया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि राजस्थान जीरा, ईसबगोल, सरसों और धनिया जैसी फसलों के उत्पादन में देश में अग्रणी है। प्रदेश में कृषि आधारित प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि सहकारिता क्षेत्र को भी मजबूत किया जा रहा है तथा नए पैक्स खोले जा रहे हैं।

युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती परीक्षाएं आयोजित कर रही है तथा पेपरलीक मामलों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। अब तक सवा लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी लेने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनने का आह्वान करते हुए स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि गांवों और वार्डों के समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा। साथ ही 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट में अधिक से अधिक किसानों को भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इस आयोजन में कृषि वैज्ञानिक, अनुसंधानकर्ता और उद्यमी नई तकनीकों एवं नवाचारों की जानकारी देंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने जल संरक्षण, तारबंदी, फार्म पोंड, बागवानी, जैविक खेती एवं कृषि योजनाओं पर किसानों से विस्तृत चर्चा की। वहीं प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए आधुनिक खेती के लाभों पर प्रकाश डाला। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने सांध्य चौपाल में जनसुनवाई के तहत आए परिवादों के निस्तारण के लिए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के अन्दर परिवादों का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान करें। कार्यक्रम के दौरान  सम्बन्धित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।