अभिनेत्री वामिका गब्बी इस समय भारतीय सिनेमा की सबसे व्यस्त और लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार हैं। पिछले महीने रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘भूत बंगला’ की कामयाबी के बाद, हाल ही में उनकी एक और नई फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। इसी बीच उनकी अगली बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डीसी’ (DC) भी दर्शकों के सामने आने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस फिल्म का दमदार ट्रेलर 79वें कान फिल्म फेस्टिवल के वैश्विक मंच पर लॉन्च किया गया है। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए मशहूर निर्देशक लोकेश कनगराज बतौर मुख्य अभिनेता अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत कर रहे हैं।
कैसा है 3 मिनट 13 सेकंड का ट्रेलर?
फिल्म का ट्रेलर 3 मिनट और 13 सेकंड लंबा है, जिसमें लोकेश कनगराज 'देवदास' और वामिका गब्बी 'चंद्रा' की मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर की कहानी के मुताबिक, चंद्रा को बचपन में उसके माता-पिता द्वारा कोलकाता के अवैध देह व्यापार दलदल में बेच दिया जाता है, जिसके बाद उसके पास सिर छिपाने की भी जगह नहीं बचती।
कहानी में मोड़ तब आता है जब पता चलता है कि देवदास एक डॉक्टर और पुलिसकर्मी की हत्या के मामले में कानून की नजरों में वॉन्टेड अपराधी है। इसके बाद पूरे ट्रेलर में सस्पेंस, रोंगटे खड़े कर देने वाला एक्शन, बम धमाके और जबरदस्त गोलीबारी का सिलसिला शुरू हो जाता है।
लोकेश और वामिका का एक्शन और रोमांस
इस फिल्म में न सिर्फ लोकेश कनगराज बल्कि वामिका गब्बी भी कई दृश्यों में हैरतअंगेज स्टंट और एक्शन करती हुई दिखाई दे रही हैं। मारधाड़ और खून-खराबे के बीच ट्रेलर का अंत बेहद खूबसूरत और रोमांटिक अंदाज में होता है, जहां सूर्यास्त के समय दोनों कलाकार एक खूबसूरत पहाड़ी पर एक साथ खड़े नजर आते हैं।
बैकग्राउंड म्यूजिक की हो रही है जमकर तारीफ
ट्रेलर के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच इसे लेकर भारी उत्सुकता देखी जा रही है। ज्यादातर यूजर्स फिल्म में मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध (Anirudh) के शानदार बैकग्राउंड स्कोर और म्यूजिक की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। इसके साथ ही वामिका और लोकेश की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को भी खूब सराहा जा रहा है। हालांकि, दमदार ट्रेलर सामने आने के बाद भी मेकर्स ने अभी तक फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया है।
अरुण मथेश्वरन के निर्देशन में बनी है फिल्म
‘डीसी’ का लेखन और निर्देशन विख्यात फिल्ममेकर अरुण मथेश्वरन ने किया है। फिल्म में लोकेश और वामिका के साथ अभिनेत्री संजना कृष्णमूर्ति भी एक महत्वपूर्ण किरदार में दिखाई देंगी। इस हाई-बजट फिल्म का निर्माण प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस 'सन पिक्चर्स' के बैनर तले किया गया है। अब सिनेमा प्रेमियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले निर्देशक लोकेश कनगराज एक्टिंग की पिच पर कितना कमाल दिखा पाते हैं।









