बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर अंतर्गत खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में रविवार को हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की कड़ियां सुलझाते हुए पुलिस ने कई हैरान कर देने वाले खुलासे किए हैं। वारदात के अगले ही दिन हुई गहन तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि आरोपी मुबीन और उसकी पत्नी सना के वैवाहिक संबंधों में शादी के चंद महीनों बाद ही कड़वाहट आ गई थी।
जांच के मुताबिक, निकाह के शुरुआती सात महीने तो शांति से बीते, लेकिन इसके बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ने लगीं। इसी दौरान घर के भीतर ससुर और बहू के बीच अनैतिक नजदीकियों का सिलसिला शुरू हो गया, जिसने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। पुलिस को मुबीन के जमीन कारोबारी पिता रियाजुद्दीन (50 वर्षीय) और पत्नी सना (21 वर्षीय) के बीच हुई व्हाट्सएप चैट और वॉयस नोट्स के रूप में पुख्ता डिजिटल सबूत मिले हैं, जो इनके बीच के गहरे रिश्तों की पुष्टि करते हैं।
खुद वारदात को अंजाम देकर दी पुलिस को सूचना
कलंदरगढ़ी गांव में मेडिकल स्टोर चलाने वाले मुबीन ने रविवार को अपने पिता रियाजुद्दीन और पत्नी सना की गोली मारकर हत्या कर दी थी। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची खुर्जा पुलिस ने मुबीन को गिरफ्तार कर उसके पिता की लाइसेंसी पिस्टल को बरामद कर लिया, जिसका इस्तेमाल इस वारदात में किया गया था।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि मुबीन और सना का निकाह 14 फरवरी 2025 को हुआ था। निकाह के सात महीने बाद यानी सितंबर 2025 में ससुर और बहू के रिश्तों की बात पहली बार घर में उजागर हुई थी। रियाजुद्दीन की पत्नी किस्वर को जब इस बात का अंदेशा हुआ, तो उसने अपने बेटे मुबीन को आगाह किया, जिसके बाद से ही घर में लगातार झगड़े होने लगे थे।
अक्टूबर के महीने में दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद मुबीन ने सना को उसके मायके भेज दिया था और ससुराल वालों को पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए अलग होने (तलाक) की बात कही थी। हालांकि, उस समय लड़की पक्ष की ओर से माफी मांगने और सना द्वारा अपनी गलती स्वीकारने के बाद उसे दोबारा घर लाया गया, लेकिन इसके बावजूद रियाजुद्दीन और सना के बीच संबंध खत्म नहीं हुए।
मां की लाचारी और चुप्पी ने बिगाड़े हालात
मुबीन की मां किस्वर की मजबूरी और खामोशी ने इस विवाद की आग में घी का काम किया। शुरुआत में जब यह अनैतिक रिश्ता सामने आया था, तब किस्वर ने घर छोड़ने का मन बना लिया था। उसने पति रियाजुद्दीन को साफ कह दिया था कि यदि वह सना के साथ रहना चाहता है, तो उसे इस घर से बाहर जाना होगा। इस पर रियाजुद्दीन ने पूरे मकान को अपने नाम पर बताते हुए किस्वर और उसके बच्चों को बेघर करने की धमकी दे डाली। अपनी 16 साल की बेटी और दो बेटों के भविष्य के डर से किस्वर चुप हो गई और सब कुछ सहने को मजबूर हो गई।
महंगे शौक और डिजिटल जासूसी
किस्वर के मुताबिक, सना को बेहद महंगे परिधानों और आभूषणों का शौक था। मध्यमवर्गीय परिवार का होने के कारण मुबीन इन फिजूलखर्चियों का विरोध करता था, जिससे दोनों के बीच मानसिक दूरियां और बढ़ गईं। इसी का फायदा उठाकर ससुर और बहू का रिश्ता गहराता चला गया।
सीओ खुर्जा ने बताया कि मुबीन को जब शक हुआ, तो उसने 'व्हाट्सएप वेब' के जरिए अपनी पत्नी का व्हाट्सएप अपने लैपटॉप पर लिंक कर लिया था। वह लगातार दोनों के बीच हो रहे मैसेज और वॉयस नोट्स पर नजर रख रहा था और सबूत इकट्ठा कर रहा था।
14 दिन के मासूम के सिर से उठा साया
सना के भाई सोहेल ने रुआंसे गले से बताया कि निकाह के बाद इसी साल 10 मई को ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में सना ने एक बेटे को जन्म दिया था, जिसका नाम अब्बास रखा गया। महज दो हफ्ते के इस मासूम ने अभी ठीक से दुनिया को देखना भी शुरू नहीं किया था कि उसकी मां की मौत हो गई और पिता को जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ा। परिवार के बुजुर्ग मकबूल ने दुख जताते हुए कहा कि उनके हंसते-खेलते खानदान को किसी की नजर लग गई, जिसने एक झटके में पूरे परिवार को समाज में बदनाम और तबाह कर दिया।
कैसे घटित हुई अंतिम वारदात?
रविवार की दोपहर मुबीन ने अपने पिता और पत्नी को दोबारा आपत्तिजनक हालत में देख लिया, जिसके बाद पिता-पुत्र के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। मुबीन ने तुरंत इसकी सूचना सना के मायके वालों को दी। दोनों पक्षों के लोग घर पर इकट्ठा हुए और इस अनैतिक रिश्ते को खत्म करने के लिए बाकायदा पारिवारिक पंचायत हुई। रिश्तेदारों के समझाने-बुझाने के बाद जब सब अपने घर लौट गए, तो रियाजुद्दीन और मुबीन में एक बार फिर विवाद बढ़ गया। इसी तैश में आकर मुबीन ने पिता की ही लाइसेंसी पिस्टल उठाई और दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
गोली लगने से पिता रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सना को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर वहां से कैलाश अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को जेल भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई तेज कर दी है।









