बेनीवाल के विवादित बयान से राजस्थान की राजनीति गरमाई

0
7

जयपुर: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के एक विवादित बयान से राजस्थान के राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य के कैबिनेट मंत्रियों को लेकर बेनीवाल द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। भाजपा के दिग्गज नेताओं ने इस बयान की तीखी आलोचना करते हुए सांसद पर जोरदार पलटवार किया है।

'नशे में चूर होकर देते हैं बयान' — मंत्री जवाहर सिंह बेढम का हमला

राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने हनुमान बेनीवाल के सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के खिलाफ जिस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया है, उससे साफ है कि सांसद अपनी गरिमा भूल चुके हैं। बेढम ने निशाना साधते हुए कहा कि अब पूरा राजस्थान कह रहा है कि आप किसी नशे-पत्ते में चूर होकर इस तरह की बेतुकी बातें करते हैं। एक सांसद होने के नाते उन्हें अपने पद की मर्यादा रखनी चाहिए थी और ऐसे बयानों को समाज में कोई भी बर्दाश्त नहीं करेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने की मीडिया से बहिष्कार की अपील

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बेनीवाल के इस बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध जताने का अधिकार सबको है, लेकिन राजनीति में संवाद की शालीनता और शब्दों की मर्यादा कभी नहीं लांघी जानी चाहिए। राठौड़ ने मीडिया से भी अपील की कि टीआरपी बढ़ाने के चक्कर में ऐसे नेताओं को मंच न दें, बल्कि जो लोग हल्की और स्तरहीन भाषा का प्रयोग करते हैं, मीडिया को उनका पूरी तरह से बहिष्कार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता पहले भी बेनीवाल को सबक सिखा चुकी है।

'आपके शब्द आपके खानदान के संस्कार दिखाते हैं' — मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर सांसद बेनीवाल को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा कि राजस्थान की जनता भली-भांति जानती है कि हनुमान बेनीवाल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। एक संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्री के लिए जिन आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, वह बेनीवाल और उनके परिवार के संस्कारों को दर्शाता है।