पटना में अग्नि सुरक्षा नियमों में मिलीं गंभीर खामियां, 4 अस्पताल और 1 होटल होंगे सील- डीआईजी  

0
7

पटना। दिल्ली और बिहार में हाल ही में हुई भीषण अग्निकांड की घटनाओं के बाद बिहार अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। राजधानी पटना में पिछले दो दिनों के दौरान अग्निशमन विभाग ने करीब 70 होटल और अस्पतालों का निरीक्षण किया, जिसमें कई प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है। डीआईजी अग्निशमन मनोज नट ने कहा कि जांच के दौरान पटना के चार अस्पतालों और एक होटल में गंभीर खामियां पाई गई हैं। इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सील किए जाने वाले प्रतिष्ठानों में कुणाल होटल, एडवांस पटना सेंट्रल हॉस्पिटल, आरोग्यवर्धन हॉस्पिटल, पिनेकल हॉस्पिटल, श्याम ट्रस्ट रिसर्च हॉस्पिटल और अपेक्स हॉस्पिटल शामिल हैं। विभाग का कहना है कि इन संस्थानों ने अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों का समुचित पालन नहीं किया है, जिससे लोगों की जान को खतरा हो सकता है। डीआईजी मनोज नट ने यह भी बताया कि खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट में भी कुछ कमियां पाई गई हैं। यदि निर्धारित समय के भीतर नियमों का पालन नहीं किया गया, तो संस्थान के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो संस्थान सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की सख्ती के बाद कई प्रतिष्ठानों ने अपनी कमियों को दूर करने का काम भी शुरू कर दिया है।