पटना में उमस भरी गर्मी से लोगों को मिली राहत, झमाझम बारिश से सुहाना हुआ मौसम  

0
7

पटना। बिहार की राजधानी पटना में  अचानक मौसम ने करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से मौसम सुहाना हो गया तथा पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। दरअसल पटना सहित बिहार के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी था। शनिवार को भी दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान रहे, लेकिन पटना में शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। तेज हवा और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। इससे पहले मौसम विभाग ने पटना, अरवल, औरंगाबाद, भोजपुर, गया, जहानाबाद और रोहतास जिलों के कुछ हिस्सों में अगले तीन घंटे के भीतर मेघ गर्जन, वज्रपात, बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहें और जल्द से जल्द किसी सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। साथ ही ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम सामान्य होने तक खेतों में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप हुई बारिश से पटना का मौसम खुशनुमा हो गया है और भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली है।