बहराइच: बहराइच-सीतापुर हाईवे पर मध्य रात्रि को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक रोडवेज बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में बस और ट्रक में सवार करीब 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से दो यात्रियों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दुर्गा प्रसाद तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया।
सवारियों से भरी बस की ट्रक से सीधी भिड़ंत
जानकारी के मुताबिक, रुपईडीहा डिपो की यह रोडवेज बस सीतापुर से सवारियों को लेकर बहराइच जिला मुख्यालय की तरफ आ रही थी। जैसे ही बस गदामार खुर्द गांव के पास पहुंची, तभी विपरीत दिशा (सामने) से आ रहे भूसी से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे के वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का खलासी और बस की आगे की सीटों पर बैठे यात्री केबिन में ही बुरी तरह फंस गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
घायलों की पहचान और स्थानीय स्तर पर इलाज
इस दर्दनाक हादसे में घायल होने वाले लोगों में खैरीघाट के इमामगंज निवासी पप्पू, बक्शीपुरा के प्रीती मिश्रा, हर्षित मिश्र, अंश मिश्र, महेंद्र, सूफीपूरा की निर्मला, विशेश्वरगंज के आदित्य दूबे, आदित्य नारायण, रूपईडीहा के गौरव सिंह, फखरपुर के लवलेश, हरदी के राकेश, गोंडा के सत्यदेव, सीतापुर के चक्करपुरवा निवासी प्रमोद, श्रावस्ती के प्यारेलाल मिश्र, आराधना मिश्रा और लक्ष्मनपुर के बेचन शामिल हैं। चीख-पुकार मचने के बाद सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रमपुरवा में भर्ती कराया गया।
गंभीर हालत के चलते लखनऊ रेफर
सीएचसी रमपुरवा में डॉक्टरों की टीम ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, चोटें अधिक गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने पप्पू, सत्यदेव, लवलेश, बेचैन, राकेश, महेंद्र, प्रमोद और निर्मला समेत कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी दो मरीजों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत लखनऊ के हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से चालू करवा दिया है।








