भिंड/लहार। मध्य प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए आज का दिन बेहद खास है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 12 जुलाई को भिंड जिले के लहार में आयोजित एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम से "मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना" की बहुप्रतीक्षित 38वीं किस्त सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी करेंगे। इस बार प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में कुल 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले बीते 14 जून को सागर जिले से योजना की 37वीं किस्त ट्रांसफर की गई थी।
अब हर महीने मिल रहे हैं 1500 रुपये
योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता में राज्य सरकार ने समय-समय पर बढ़ोतरी की है। शुरुआत में जून 2023 में बहनों को 1,000 रुपये प्रति माह दिए जाते थे, जिसे अक्टूबर 2023 में बढ़ाकर 1,250 रुपये किया गया था। इसके बाद, नवंबर 2025 से सरकार ने इस राशि में 250 रुपये का और इजाफा कर दिया, जिसके बाद से सभी पात्र हितग्राही महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये (यानी 18,000 रुपये सालाना) मिल रहे हैं। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ ले रही महिलाओं को इस योजना के तहत 900 रुपये प्रति माह की सहायता दी जा रही है। योजना की शुरुआत से लेकर अब तक सरकार कुल 37 किस्तें सफलता पूर्वक बहनों के खातों में भेज चुकी है।
बजट में महिला सशक्तिकरण के लिए भारी-भरकम प्रावधान
लाड़ली बहना योजना पर सरकार हर साल अपना बजट बढ़ा रही है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में इस पर 14,726.05 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 20,318.53 करोड़ रुपये तक पहुंच गए। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने बजट में 23,882.81 करोड़ रुपये का एक बड़ा प्रावधान किया है, जिससे स्पष्ट है कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है।
पोर्टल पर ऐसे चेक करें अपनी किस्त का स्टेटस
यदि आप भी अपनी किस्त और भुगतान की स्थिति देखना चाहती हैं, तो नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो कर सकती हैं:
सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट cmladlibahna.mp.gov.in पर जाएं।
होम पेज पर दिख रहे "आवेदन एवं भुगतान की स्थिति" वाले विकल्प पर क्लिक करें।
अब नए पेज पर अपना आवेदन नंबर या सदस्य समग्र आईडी (Samagra ID) दर्ज करें।
स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड डालें और 'ओटीपी भेजें' पर क्लिक करें।
आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज कर वेरिफाई करें।
ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद 'सर्च' बटन दबाते ही आपके भुगतान की पूरी स्थिति सामने आ जाएगी। (नोट: ध्यान रखें कि राशि प्राप्त करने के लिए आपका बैंक खाता आधार से लिंक और डीबीटी (DBT) एक्टिव होना अनिवार्य है।)
लहार क्षेत्र को मिलेगी 322 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
इस मुख्य कार्यक्रम के दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव केवल लाड़ली बहनों को ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यक्रम मंच से 238.96 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हो चुके 40 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण (उद्घाटन) करेंगे। इसके साथ ही, लहार और आसपास के क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 83.33 करोड़ रुपये की 16 नई लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का भूमि-पूजन और शिलान्यास भी किया जाएगा।









