खुशियां मातम में बदलीं! शादी से लौटते वक्त तालाब में गिरी कार, 5 की जान गई

0
8

अनुगुल: ओडिशा के ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र स्थित छतिया गांव के पास बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे दोस्तों की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक गहरे तालाब में समा गई। गाड़ी में सवार कुल सात दोस्तों में से दो युवक सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए कार का शीशा/दरवाजा तोड़कर बाहर निकल आए और तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि बाकी पांच दोस्त पानी में डूब गए।

शादी से लौटते वक्त अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी कार

मिली जानकारी के अनुसार, मोटांगा थाना क्षेत्र के बंगुरासिंह गांव के सात दोस्त एक बारात में शामिल होने इंदिपुर गांव गए हुए थे। वैवाहिक कार्यक्रम खत्म होने के बाद देर रात सभी दोस्त कार से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार छतिया गांव के पास पहुंची, चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार कार सीधे सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में जा घुसी। देर रात हादसा होने की वजह से काफी देर तक आसपास के लोगों को इस घटना की खबर तक नहीं लग सकी।

दरवाजा तोड़कर दो युवकों ने बचाई जान, ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान

कार के पानी में समाते ही अंदर चीख-पुकार मच गई। इस बीच बबलू और शिबू नाम के दो युवकों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कार का दरवाजा तोड़ा और किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए। बाहर आते ही दोनों ने तुरंत स्थानीय ग्रामीणों को हादसे की सूचना दी। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए, लेकिन तब तक अन्य पांच युवकों की डूबने से सांसें थम चुकी थीं।