जयपुर भी बना जंतर-मंतर, छात्र कर रहे भूख हड़ताल, कांग्रेस निकालेगी कैंडल मार्च

0
9

जयपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन की गूंज अब राजस्थान के जयपुर तक पहुंच गई है। नीट समेत प्रदेश की अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के विरोध में छात्रों और युवाओं का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को जयपुर में कई जगहों पर प्रदर्शन, भूख हड़ताल और कैंडल मार्च के जरिए सरकार के खिलाफ विरोध तेज हो गया। वहीं बढ़ते आंदोलन को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रशासन और पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर छात्रों की तीसरे दिन भी भूख हड़ताल जारी है। उनके साथ बड़ी संख्या में छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और पेपर लीक के मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि लगातार पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार को इस पर ठोस कदम उठाने चाहिए।
वहीं, प्रदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के साथ कई छात्र संगठनों के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पारदर्शिता लाई जाए और पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में शाम को कैंडल मार्च निकाला जाएगा। कैंडल मार्च स्टेच्यू सर्किल से अंबेडकर सर्किल तक निकलेगा। कांग्रेस इस दौरान केंद्र सरकार को परीक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर घेरते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाएगी।
जयपुर में बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर राज्य सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने, प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने और किसी भी संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति से तत्काल निपटने के लिए जरुरी इंतजाम करने को कहा गया है।