जापान सरकार के फैसले पर बहस तेज, पुरुषों के शॉर्ट्स पहनने को लेकर ऑफिस में उठे सवाल

0
10

टोक्यो। जापान में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच सरकार द्वारा दी गई एक ढील अब बड़े विवाद और सामाजिक बहस का कारण बन गई है। गर्मी से राहत और बिजली की बचत के लिए 'कूल बिज' अभियान के तहत सरकार ने पुरुष कर्मचारियों को ऑफिस में शॉर्ट्स (हाफ पैंट) और टी-शर्ट पहनने की छूट दी, लेकिन इसके बाद 'सुने-हारा' (Sune-Hara) यानी लेग हेयर हैरेसमेंट (पैरों के बालों से असहजता) नाम का एक नया मुद्दा गरमा गया है।

महिलाओं ने जताई आपत्ति, उठाई समानता की मांग

कार्यालयों में पुरुष सहकर्मियों के खुले और बाल वाले पैर देखकर कई महिला कर्मचारियों ने असहजता जाहिर की है। एक 52 वर्षीय रियल एस्टेट एजेंट के अनुसार, ऑफिस जैसे पेशेवर माहौल में बालों वाले पैर दिखने में साफ-सुथरे नहीं लगते।

इसके साथ ही महिलाओं ने ड्रेस कोड में लैंगिक असमानता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि पुरुषों को शॉर्ट्स पहनने की आजादी मिल रही है, तो महिलाओं को भी लंबी स्कर्ट्स या स्टॉकिंग्स पहनने के दबाव से मुक्त किया जाना चाहिए और नियम सभी के लिए समान होने चाहिए।

'कूल बिज शॉर्ट्स' का बाजार में नया ट्रेंड

इस विवाद के बीच कई जापानी कंपनियों ने नया समाधान निकालते हुए 'कूल बिज शॉर्ट्स' बाजार में उतारे हैं। इन्हें इस तरह से डिजाइन किया गया है कि ये देखने में औपचारिक (फॉर्मल) लगें और ज्यादा स्किन भी नजर न आए।

रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से जनजीवन प्रभावित

जापान इस समय अभूतपूर्व गर्मी का सामना कर रहा है। पिछले वर्ष तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया था, जिसके बाद मौसम एजेंसी ने 40 डिग्री से अधिक तापमान के लिए नया रेड अलर्ट जारी करना शुरू किया है। एक ही हफ्ते के भीतर 4,580 से ज्यादा लोग हीटस्ट्रोक की वजह से अस्पताल पहुंचे हैं, जिनमें से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। सरकार लगातार लोगों को एसी का इस्तेमाल करने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दे रही है, लेकिन इसी दौरान शुरू हुई ऑफिस ड्रेस कोड की यह बहस पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है।