उज्जैन:मध्य प्रदेश के उज्जैन के खाचरौद नगर के नरसिंह मंदिर क्षेत्र में एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक परिवार ने अपनी बेटी के जीते जी अंतिम संस्कार की सभी रस्में निभाई हैं। परिजनों के मुताबिक, उनकी 18 साल की बेटी कोमल प्रजापत ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर अंतरजातीय विवाह कर लिया, जिससे परिवार को समाज में अपमान का सामना करना पड़ा। परिवार ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।
पुलिस के सामने बेटी ने परिवार को पहचानने से किया इनकार
मामला तब और ज्यादा गंभीर हो गया जब परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस के सामने आने पर युवती ने अपने ही परिजनों को पहचानने से पूरी तरह इनकार कर दिया। बेटी के इस रवैये से परिवार अंदर तक आहत हो गया और उन्होंने समाज के बीच बेटी के साथ सभी रिश्ते हमेशा के लिए खत्म करने का कड़ा फैसला ले लिया।
प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार और निभाई गई पारंपरिक रस्में
परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाजों के तहत युवती की तस्वीर का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया और घर से बेदखल करने की अन्य सभी रस्में पूरी कीं। पेशे से मेकअप आर्टिस्ट रही कोमल के इस कदम के बाद इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उसके पिता और दोनों भाई बेहद भावुक नजर आए, जिनका दर्द साफ झलक रहा था।
अन्य युवतियों के लिए परिवार का कड़ा संदेश
बड़ी बहन ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि परिवार का यह फैसला सिर्फ उनके घर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन सभी युवतियों के लिए एक कड़ा संदेश है जो परिवार की सहमति के बिना विवाह कर लेती हैं और बाद में माता-पिता से सारे रिश्ते तोड़ लेती हैं। फिलहाल इस अजीबोगरीब और भावनात्मक मामले की हर तरफ जमकर चर्चा हो रही है।









