भोपाल में LPG संकट फिर गहराया, सर्वर डाउन से सिलेंडर बुकिंग ठप; उपभोक्ता परेशान

0
9

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। पिछले दो महीनों के दौरान सिलेंडर के लिए भटक रहे आम लोगों को काफी हद तक राहत मिल चुकी थी, स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई थी, सर्वर भी पटरी पर लौट आया था और गैस की बुकिंग तथा आपूर्ति दोनों सुचारू रूप से चल रही थी। लेकिन हाल ही में एक बार फिर ऑनलाइन सर्वर की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है, जिसके चलते उपभोक्ताओं को अपने रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई जगहों पर बुकिंग प्रक्रिया बाधित हो गई है।

साढ़े चार लाख से अधिक उपभोक्ताओं के लिए जिलेभर में संचालित हैं 40 से ज्यादा गैस एजेंसियां और गोदाम

जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ समय पहले अमेरिका-ईरान और पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक संघर्षों के चलते मार्च के महीने में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई थी। वर्तमान स्थिति यह है कि भोपाल जिले में करीब साढ़े चार लाख पंजीकृत एलपीजी उपभोक्ता हैं, जिन्हें सुचारू रूप से गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इंडेन, भारत गैस और एचपी जैसी प्रमुख कंपनियों की 40 से अधिक एजेंसियां और गोदाम संचालित हो रहे हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन माध्यमों के अलावा एजेंसियों पर नंबर और मैसेज के जरिए भी बुकिंग करने के विकल्प मौजूद हैं।

कोलार क्षेत्र के उपभोक्ताओं को उठानी पड़ रही परेशानी, सर्वर डाउन होने से रात के समय बुकिंग करने की सलाह

शहर के घनी आबादी वाले कोलार इलाके में स्थित एक इंडेन गैस एजेंसी पर बुकिंग न हो पाने के कारण परेशान उपभोक्ताओं ने बताया कि वे पिछले तीन दिनों से लगातार सिलेंडर बुक करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन तकनीकी कारणों से बुकिंग अप्रूव नहीं हो पा रही है। जब उपभोक्ता अपनी समस्या लेकर एजेंसी पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि सर्वर की बड़ी समस्या चल रही है और वे रात में 12 बजे के बाद सिलेंडर बुक करने की कोशिश करें। एजेंसी संचालकों का भी यही कहना है कि सर्वर धीमा होने के कारण दिन के समय बुकिंग में तकनीकी रुकावट आ रही है, जबकि रात के वक्त यह थोड़ी आसानी से हो जाती है।

बिना ई-केवाईसी वाले उपभोक्ताओं की गैस आपूर्ति रोकी गई, मौके पर ही प्रक्रिया पूरी कर बांटे जा रहे सिलेंडर

गैस एजेंसियों और वितरकों द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन भी उपभोक्ताओं ने अब तक अपनी अनिवार्य ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी नहीं कराई है, उनकी सिलेंडर आपूर्ति नियमों के तहत रोकी गई है। ऐसे उपभोक्ताओं को राहत देने और प्रक्रिया पूरी कराने के लिए मौके पर ही उनकी ई-केवाईसी कराई जा रही है, जिसके बाद ही उन्हें नया घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। तकनीकी खामियों और इस अतिरिक्त प्रक्रिया के कारण लोगों को हफ्तों तक चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जिससे आम जनता में असंतोष देखा जा रहा है।