हिंदू धर्म में सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है. मान्यता है कि सावन में भोलेनाथ की आराधना करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है. इस पूरे महीने शिव भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और पूजन करते हैं. हालांकि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन में पूजा-पाठ के साथ जरूरतमंदों की मदद और सेवा करने का भी विशेष महत्व बताया गया है. अयोध्या के ज्योतिष पंडित कल्कि राम बताते हैं कि सावन का महीना अपने आप में बेहद पवित्र और दुर्लभ माना गया है. यह महीना बरसात के मौसम में आता है और चारों तरफ हरियाली दिखाई देती है. ऋतु परिवर्तन के इस समय को भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है.
सावन के महीने में यदि व्यक्ति पूजा-पाठ के साथ मानव सेवा और जरूरतमंदों की सहायता करता है, तो उसे पुण्य की प्राप्ति होती है. पंडित कल्कि राम के मुताबिक, सावन में ऐसे लोगों की मदद करनी चाहिए, जो वास्तव में जरूरतमंद हैं. यदि कोई व्यक्ति निराश्रित है और टूटी-फूटी झोपड़ी में रहने को मजबूर है, तो उसकी यथासंभव मदद कर उसके रहने की व्यवस्था करना पुण्यदायी माना जाता है. इसी तरह अगर कोई व्यक्ति भूखा या प्यासा है, तो उसे भोजन और पानी उपलब्ध कराना चाहिए.
सफेद अथवा पीले रंग के वस्त्र देना शुभ
उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों को वस्त्र दान करना भी सावन में विशेष फलदायी माना जाता है. यदि किसी के पास पहनने के लिए पर्याप्त कपड़े नहीं हैं या वह फटे-पुराने कपड़ों में जीवन गुजार रहा है, तो उसे नए वस्त्र दान किए जा सकते हैं. धार्मिक मान्यता के अनुसार, वस्त्र दान करते समय सफेद अथवा पीले रंग के वस्त्र देना शुभ माना जाता है. इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना भी महत्वपूर्ण बताया गया है. यदि कोई बच्चा पढ़ने में सक्षम है, लेकिन आर्थिक परेशानी के कारण उसकी फीस जमा नहीं हो पा रही है या वह स्कूल नहीं जा पा रहा है, तो उसकी शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने में सहयोग करना चाहिए. किताबें, फीस, स्कूल सामग्री या अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराकर बच्चे की पढ़ाई जारी रखने में मदद की जा सकती है.
मानवता की सेवा पुण्यदायी
पंडित कल्कि राम के अनुसार, सावन केवल भगवान शिव की आराधना का महीना नहीं, बल्कि सेवा, दया और परोपकार का भी अवसर है. इस दौरान जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना मानवता की सेवा के साथ-साथ धार्मिक दृष्टि से भी पुण्यदायी माना जाता है. इसलिए सावन में शिव पूजा के साथ यदि सामर्थ्य के अनुसार गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद की जाए, तो यह महीना जीवन में सकारात्मकता और पुण्य का माध्यम बन सकता है.









