केमिकल फैक्ट्री में धमाके के बाद भीषण आग, भरूच में मचा हड़कंप

0
6

अहमदाबाद: गुजरात के भरूच जिले में स्थित दहेज औद्योगिक क्षेत्र (GIDC) की 'विजन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' कंपनी के प्लांट में एक भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज लगभग 7 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सॉल्वेंट ड्रम में धमाके के बाद भड़की आग

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, कंपनी परिसर में रखे सॉल्वेंट (रसायन) के ड्रमों में अचानक हुए ब्लास्ट के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना के तुरंत बाद पूरे प्लांट को आग की लपटों ने घेर लिया और आसमान में धुएं का गहरा गुबार छा गया। हादसे की खबर मिलते ही दहेज और आसपास के फायर स्टेशनों से 7 से अधिक दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पानी व फोम के छिड़काव से आग बुझाने में जुट गईं।

सुरक्षा बल मुस्तैद, नहीं हुई कोई जनहानि

घटना की जानकारी मिलते ही औद्योगिक सुरक्षा विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बढ़ा दी है। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद ही हादसे के स्पष्ट कारणों और वित्तीय नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।