भोपाल नगर निगम में सीनियर-जूनियर भिड़े, AHO ने HO को दी खुली धमकी

0
8

भोपाल: भोपाल नगर निगम कार्यालय में शनिवार को सीनियर और जूनियर अधिकारियों के बीच गंभीर विवाद और तीखी नोक-झोंक देखने को मिली. एक बैठक के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी और सहायक स्वास्थ्य अधिकारी किसी बात पर आपस में भिड़ गए, जिसके बाद स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई.

क्या है पूरा विवाद?

नगर निगम मुख्यालय में सभी दारोगाओं की एक बैठक बुलाई गई थी. बैठक समाप्त होने के बाद जब सभी अधिकारी बाहर आए, तो नरेला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जोन-9 के स्वास्थ्य अधिकारी सुमंदर शर्मा और सहायक स्वास्थ्य अधिकारी बलवीर मलिक के बीच किसी मुद्दे को लेकर गर्मागर्म बहस शुरू हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि सहायक स्वास्थ्य अधिकारी ने कथित तौर पर स्वास्थ्य अधिकारी को जूते से मारने का प्रयास तक कर डाला. मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया.

'मैं जेब में रखता हूं इस्तीफा'

घटना के बाद दोनों अधिकारियों के बीच हुई इस कहासुनी का वीडियो और मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. विवाद के दौरान बलवीर मलिक ने अपनी गाड़ी से एक कागजात निकाला और गुस्से में कहा कि वे अपना इस्तीफा हमेशा अपने पास रखते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी मंत्री के दबाव में नहीं झुकते और उन्हें लगातार जबरन प्रताड़ित व जलील किया जा रहा है.

सामने आई दोनों पक्षों की दलीलें

इस पूरी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बलवीर मलिक ने आरोप लगाया कि बैठक के दौरान उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया, और पिछले कुछ समय से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है, इसी वजह से उनका गुस्सा फूट पड़ा. दूसरी ओर, स्वास्थ्य अधिकारी सुमंदर शर्मा का पक्ष है कि बैठक में नरेला क्षेत्र के अंतर्गत स्पॉट फाइन को लेकर चर्चा की जा रही थी, जिस पर बलवीर मलिक अचानक भड़क गए और विवाद शुरू हो गया.