रक्षाबंधन पर महिलाओं को योगी सरकार का तोहफा, 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त तक मुफ्त बस यात्रा

0
9

लखनऊ।  रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक नि:शुल्क यात्रा की घोषणा की है। इस बार महिला यात्री के साथ एक सहयोगी को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में त्योहार के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त पंपिंग स्टेशन लगाने तथा नालों की तत्काल सफाई कराने को कहा। जिलाधिकारियों को बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर नजर
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। अधिकारियों को बाजार में चीनी की आपूर्ति और कीमतों की दैनिक निगरानी करने को कहा गया है, ताकि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
स्कूलों के निरीक्षण और कानून-व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा फर्जी एवं भ्रामक वीडियो के माध्यम से सामाजिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।