‘छात्रों की गूंज’ को लेकर बढ़ा उत्साह, 50 हजार पार रजिस्ट्रेशन का दावा; आयोजन स्थल अब भी अनफाइनल

0
11

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर इंदौर की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा से मुलाकात कर रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान में आयोजन की प्रशासनिक अनुमति मांगी है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे का दावा है कि इस कार्यक्रम को लेकर युवाओं में भारी उत्साह है और अब तक 50 हजार से अधिक छात्र ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं।

अनुमति के लिए विकल्प और प्रशासनिक आश्वासन

शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और सत्यनारायण पटेल सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को मांग पत्र सौंपा। मुख्य स्थल के अलावा विकल्प के तौर पर खंडवा रोड स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय मैदान तथा जीएसीसी (GACC) के पीछे वाले मैदान की भी मांग की गई है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने मामले पर जल्द विचार कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। दूसरी ओर, महिला कांग्रेस ने भी ब्लॉक व बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।

भाजपा का वेन्यू पर अड़ंगा और कानूनी सवाल

दूसरी तरफ, भारतीय जनता पार्टी ने कार्यक्रम स्थल के चयन पर कानूनी सवाल उठाते हुए अड़ंगा लगा दिया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने पुलिस आयुक्त और कलेक्टर को शिकायत सौंपकर आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर विज्ञापित 'भारत जोड़ो मैदान' (रीजनल पार्क के सामने) का स्वामित्व इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) से जुड़े अदालती विवाद के अधीन है। भाजपा का तर्क है कि बिना सक्षम प्राधिकारी और IDA की अनुमति के ऐसे विवादित स्थल पर आयोजन की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और प्रशासनिक जांच पूरी होने तक तैयारियों पर रोक लगाई जानी चाहिए।