भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दुबई प्रवास के तीसरे दिन मंगलवार को वैश्विक निवेशकों और उद्योगपतियों के साथ ताबड़तोड़ बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने हरित ऊर्जा, शहरी विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, शिक्षा और अत्याधुनिक तकनीक जैसे प्रमुख क्षेत्रों में मध्य प्रदेश को निवेश का पसंदीदा केंद्र बनाने की पुरजोर वकालत की। मुख्यमंत्री ने वैश्विक उद्योगपतियों से कहा कि राज्य में निवेश का अनुकूल वातावरण और पारदर्शी नीतियां उनका स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
राणा होल्डिंग्स का 35,200 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट प्रस्ताव
राणा होल्डिंग्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ हुई उच्चस्तरीय वार्ता में ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा और डेटा सेंटर जैसे भविष्योन्मुखी उद्योगों पर चर्चा हुई। कंपनी ने राज्य में 35,200 करोड़ रुपये का विशाल निवेश करने की गहरी रुचि दिखाई है। इसके अंतर्गत 2,000 मेगावॉट सौर ऊर्जा, 200 मेगावॉट का ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट, 50 मेगावॉट क्षमता वाला एआई डेटा सेंटर और 30,000 एमटीपीए का मिनरल्स रीसाइक्लिंग कॉम्प्लेक्स स्थापित करने की योजना है।
एआई कंप्यूट कैंपस में 18 हजार करोड़ के निवेश की रूपरेखा
एनआईडीआई सर्विसेज डीएमसीसी-एससीएनईएलएलसी के प्रतिनिधियों ने राज्य में 50 मेगावॉट क्षमता वाली सॉवरेन एआई फैक्ट्री और इंडस्ट्रियल एआई कंप्यूट कैंपस प्रोजेक्ट पर प्रस्तुति दी। कंपनी ने इस परियोजना में लगभग 1.5 से 2 अरब डॉलर (करीब 18 हजार करोड़ रुपये) के निवेश का खाका पेश किया, जिसे भविष्य में 100 मेगावॉट तक विस्तारित किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, जेम्स एजुकेशन के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के के-12 स्कूलों और आधुनिक शिक्षा परिसरों की स्थापना पर भी विचार-विमर्श हुआ।
हेल्थकेयर, लॉजिस्टिक्स, मीडिया और वीजा सेवाओं में विस्तार पर मंथन
मुख्यमंत्री ने प्योर हेल्थ के साथ डिजिटल हेल्थ व मल्टी स्पेशियलिटी अस्पतालों, शराफ ग्रुप और डीपी वर्ल्ड के साथ मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्कों एवं कोल्ड चेन पर बात की। केजीके ग्रुप के साथ डायमंड प्रोसेसिंग व जेम्स-ज्वैलरी, विस्टास मीडिया के साथ वीएफएक्स व गेमिंग हब, और वीएफएस ग्लोबल के साथ भोपाल व इंदौर में वीजा सुविधा विस्तार तथा पर्यटन कौशल विकास पर सार्थक बातचीत हुई।
शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स से व्यापारिक रणनीतियों पर संवाद
शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस के साथ हुई बैठक में दोनों पक्षों ने टेक्सटाइल, फार्मा, फूड प्रोसेसिंग और एसएमई (SME) सेक्टर में पारस्परिक सहयोग बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शारजाह के प्रमुख उद्योगपतियों को आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS-2027) का हिस्सा बनने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
एमपीआईडीसी को एआईएम कांग्रेस-2026 में मिला ‘विनर एशिया’ अवार्ड
ग्लोबल इंवेस्टमेंट के क्षेत्र में राज्य की साख को तब बड़ी उपलब्धि मिली जब एआईएम कांग्रेस-2026 में मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) को उत्कृष्ट एआईएम इन्वेस्टमेंट अवॉर्ड्स-2026 के अंतर्गत 'विनर एशिया' सम्मान से नवाजा गया। प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI), नवाचार, रोजगार सृजन और सतत विकास में उल्लेखनीय कार्य के लिए यूएई के विदेश व्यापार मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी ने यह पुरस्कार प्रदान किया।
एमार ग्रुप को इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन कॉरिडोर में निवेश का न्योता
एमार प्रॉपर्टीज के संस्थापक मोहम्मद अलाब्बार से भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन डेवलपमेंट कॉरिडोर में विश्वस्तरीय टाउनशिप और हॉस्पिटैलिटी परियोजनाओं में भागीदार बनने का न्योता दिया।
ढाई साल में 34 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त: मुख्यमंत्री
अंतरराष्ट्रीय मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 30 महीनों में मध्य प्रदेश को 34 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 30 प्रतिशत से अधिक प्रोजेक्ट जमीनी धरातल पर क्रियान्वित हो रहे हैं। 11 प्रतिशत से अधिक आर्थिक विकास दर, विशाल लैंड बैंक और 8 सक्रिय हवाई अड्डों की मजबूती का हवाला देते हुए उन्होंने निवेशकों को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में पधारने का सहृदय निमंत्रण दिया।









