जयपुर। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण के अंतर्गत बुधवार सुबह 7 बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राज्य के विभिन्न शहरों और कस्बों के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही वोटरों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। खास बात यह है कि इस बार युवा मतदाताओं, विशेषकर Gen Z (जेन-जी) में स्थानीय सरकार चुनने को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही युवा वोटर बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। शाम 6 बजे मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ईवीएम (EVM) मशीनों को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखवाया जाएगा, जिसके बाद मतगणना के दिन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।
विभिन्न निकायों में सुबह से ही लगीं कतारें
शाहपुरा, अजमेर, कोटपूतली, बारां, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और बूंदी सहित अनेक निकायों में सुबह-सुबह ही मतदाता केंद्रों पर पहुंचने लगे। सुबह की हल्की ठंडक के बीच बूथों पर लोगों की चहल-पहल देखी गई। वोटर ईवीएम का बटन दबाकर अपने-अपने प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला तय कर रहे हैं।
शाहपुरा: 55 वार्डों में शुरू हुआ मतदान
शाहपुरा नगर परिषद के 55 वार्डों के लिए सुबह 7 बजे से वोट डाले जा रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की आवाजाही जारी है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
अजमेर जिले के निकायों में वोटिंग जारी
अजमेर जिले के नसीराबाद, सावर और टांटोटी में 20-20 वार्डों के लिए वोटिंग चल रही है। नसीराबाद में 6,834, सावर में 8,972 और टांटोटी में 5,852 मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा केकड़ी के 40 वार्डों में 35,829, पीसांगन के 25 वार्डों में 14,098 तथा सरवाड़ के 25 वार्डों में 16,334 वोटर मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
कोटपूतली: 60 वार्ड, 428 प्रत्याशी मैदान में
कोटपूतली नगर परिषद क्षेत्र के 60 वार्डों के लिए कुल 103 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। यहां 428 प्रत्याशी चुनावी समर में आमने-सामने हैं। इनमें बीजेपी के 54, कांग्रेस के 58 और निर्दलीय व अन्य दलों के 316 उम्मीदवार शामिल हैं। क्षेत्र के कुल 95,426 मतदाताओं में 50,154 पुरुष, 45,271 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
नागौर: ईवीएम में खराबी से एक घंटे बाधित रहा मतदान
नागौर शहर के महात्मा गांधी सरकारी स्कूल बख्तासागर स्थित मतदान केंद्र पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के चलते करीब एक घंटे तक वोटिंग ठप रही। इससे बूथ पर मतदाताओं की लंबी लाइन लग गई। उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर ने बताया कि तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही पुरानी मशीन को बदलकर दूसरी ईवीएम भिजवाई गई, जिसके बाद मतदान पुन: सुचारू रूप से शुरू कराया गया।
बारां: तीन निकायों के 1.29 लाख से अधिक मतदाता
बारां नगर परिषद (60 वार्ड), अंता (35 वार्ड) और सीसवाली नगरपालिका (20 वार्ड) में वोट डाले जा रहे हैं। तीनों निकायों के 166 केंद्रों पर शाम 6 बजे तक कुल 1,29,154 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शुरू कराने से पूर्व पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में सभी बूथों पर मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी की गई।
वागड़ अंचल: बांसवाड़ा और डूंगरपुर में मतदान का उत्साह
बांसवाड़ा और डूंगरपुर नगर परिषद में भी पहले चरण की वोटिंग जारी है। बांसवाड़ा के 59 वार्डों के 99 बूथों (92,602 मतदाता) और डूंगरपुर के 38 बूथों (35,848 मतदाता) पर वोट डाले जा रहे हैं। बांसवाड़ा में 185 और डूंगरपुर में 95 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बता दें कि बांसवाड़ा के वार्ड 12 और डूंगरपुर के वार्ड 23 व 28 से बीजेपी प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
बूंदी संभाग: चार निकायों में 159 मतदान केंद्र बनाए गए
बूंदी, इन्द्रगढ़, केशोरायपाटन और देई में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। चारों निकायों के कुल 1,27,013 मतदाता 159 पोलिंग बूथों पर वोट डालेंगे। इनमें बूंदी नगर परिषद में 92,113, इन्द्रगढ़ में 4,856, केशोरायपाटन में 20,089 और देई में 9,955 पंजीकृत मतदाता शामिल हैं।
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
पूरे प्रदेश में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात है। जोनल और एरिया मजिस्ट्रेट लगातार गश्त कर रहे हैं। बारां में पोलिंग बूथों की 200 मीटर की परिधि में राजनीतिक गतिविधियों पर पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है।









