40 नए शहर, 87 लाख वोटर और बड़ा फैसला… राजस्थान में आज किसके पक्ष में पड़ेगा जनादेश?

0
8

जयपुर| राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 'एक राज्य एक चुनाव' (वन स्टेट वन इलेक्शन) के तहत आयोजित कराए जा रहे नगरीय निकाय चुनावों के द्वितीय एवं अंतिम चरण का मतदान जारी है. इस चरण में प्रदेश के 6 नगर निगमों, 20 नगर परिषदों और 121 नगरपालिकाओं समेत कुल 147 निकायों में जनप्रतिनिधि चुनने के लिए वोट डाले जा रहे हैं.

9 सितंबर को हुआ था पहले चरण का मतदान

चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, प्रथम चरण की प्रक्रिया में 162 नगरीय निकायों (4 नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिका) के लिए मतदान हुआ था. राज्य भर में दोनों चरणों को मिलाकर कुल 309 निकायों में चुनाव कराए जा रहे हैं. पहले दौर में रिकॉर्ड 76.42% वोटिंग दर्ज की गई थी, जिसमें प्रतापगढ़ की अरनोद नगरपालिका में सबसे ज्यादा 91.98 प्रतिशत तथा भीलवाड़ा नगर निगम में सबसे कम 63.84 प्रतिशत वोट पड़े थे.

द्वितीय चरण के महत्वपूर्ण आंकड़े

  • कुल वार्ड: 4,852

  • मतदान बूथ: 9,758

  • चुनावी मैदान में प्रत्याशी: 18,266

  • कुल पंजीकृत मतदाता: 87,60,884

इस चरण की खास बात यह है कि 147 में से 40 निकाय बिल्कुल नए गठित किए गए हैं, जहां निवासी पहली बार अपने स्थानीय निकाय के लिए मतदान कर रहे हैं. शेष 107 निकायों में पिछले चुनाव के दौरान 67.93 प्रतिशत मतदान रहा था.

सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं. पूरे प्रदेश के 309 निकायों में कुल 723 संवेदनशील और 3,703 क्रिटिकल मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं, जहाँ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने का आग्रह किया है.