रांची। झारखंड सरकार ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। खेल निदेशक छवि रंजन की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में सम्मान राशि और खिलाड़ी पेंशन के मामलों की समीक्षा की गई, जिसके तहत 493 खिलाड़ियों को पात्र घोषित किया गया है। इन मेधावी खिलाड़ियों के बीच लगभग 4 करोड़ 51 लाख रुपये की सम्मान राशि का वितरण किया जाएगा।
911 में से 493 आवेदन पाए गए पात्र
समीक्षा बैठक के दौरान 1 अप्रैल 2024 से 31 जनवरी 2026 के बीच विभिन्न जिलों से प्राप्त आवेदनों की बारीकी से जांच की गई। इस अवधि में सम्मान राशि के लिए कुल 911 आवेदन मिले थे, जिनमें से प्रमाणपत्रों और पदकों के सत्यापन के बाद 510 आवेदनों को समिति के समक्ष रखा गया। इनमें से 493 आवेदन सभी मानकों पर खरे उतरे। चयनित खिलाड़ियों ने 24 अलग-अलग खेल विधाओं में राज्य का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कुश्ती, मुक्केबाजी, शूटिंग, बैडमिंटन और पैरा गेम्स जैसे खेल प्रमुख हैं।
पदकों का विवरण और खिलाड़ी पेंशन योजना
पात्र खिलाड़ियों द्वारा जीते गए पदकों में 241 स्वर्ण, 136 रजत और 107 कांस्य पदक के अलावा 9 साझा पदक भी शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर, पूर्व खिलाड़ियों के लिए चलाई जा रही 'खिलाड़ी पेंशन योजना' के तहत प्राप्त 21 आवेदनों में से फिलहाल केवल दो ही पात्र पाए गए हैं। शेष आवेदनों में जरूरी दस्तावेजों की कमी के कारण आवेदकों को कागजात पूरे करने का निर्देश दिया गया है। पेंशन योजना के लिए कम आवेदन आने पर चिंता जताते हुए सभी जिला उपायुक्तों को पत्र भेजकर इसकी जानकारी अधिक से अधिक पूर्व खिलाड़ियों तक पहुंचाने की अनुशंसा की गई है।









