वैश्विक मंच पर भारत का बढ़ा प्रभाव, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन बना प्रतीक : डॉ. यादव

0
8

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के विकास, केंद्र सरकार की नीतियों और आगामी अभियानों को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। इस बैठक में ब्रिक्स सम्मेलन की सफलता से लेकर प्रदेश में शुरू होने वाली नई योजनाओं तक की विस्तृत जानकारी दी गई।

ब्रिक्स सम्मेलन और नई दिल्ली घोषणा-पत्र

बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफलता को भारत की कूटनीतिक जीत बताया। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में शांति, आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, व्यापार और डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे मुद्दों पर सर्वसम्मति से घोषणा-पत्र अपनाया गया। इस दौरान मध्य प्रदेश के इंदौर और भोपाल में हुए विभिन्न आयोजनों (जैसे 'इंदौर घोषणा' और 'भोपाल घोषणा') का भी विशेष उल्लेख किया गया। मंत्रि-परिषद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस सफलता के लिए मेजें थप-थपाकर बधाई दी।

17 सितंबर से 'सेवा संकल्प अभियान-2026'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और लोक सेवाओं में उनके 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष್ಯ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान-2026' चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को हर घर-आंगन में 'आशीर्वाद का दीया' प्रज्ज्वलित किया जाएगा और उज्जैन में 25 लाख से अधिक दीये जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसी दिन गांधी सागर में चीतों को छोड़ने का कार्यक्रम भी होगा।

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत

लगभग 21 साल से बंद पड़ी सरकारी बस सेवा को एक बार फिर शुरू किया जा रहा है। आगामी 25 सितंबर 2026 (अनंत चतुर्दशी) से 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा' का शुभारंभ होगा। इसके तहत लगभग 150 सिटी रूट, 450 इंटरसिटी रूट और 436 इंटरस्टेट रूट विकसित किए जाएंगे, और वर्ष 2030 तक 75 प्रतिशत विकासखंडों को इस सेवा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

ग्रामीणों को पट्टों की पक्की रजिस्ट्री

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर 17 सितंबर को इंदौर में “स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना” का शुभारंभ किया जाएगा। मध्य प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जो स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेखों का निःशुल्क पंजीयन कर रहा है। इसका पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी, जिससे लगभग 50 लाख निजी संपत्तियों के अधिकार अभिलेख सीधे हितग्राहियों के व्हाट्सएप पर डिजिटल रूप में उपलब्ध कराए जाएंगे।

दुबई यात्रा में 53 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने अपनी हालिया दुबई और शारजाह यात्रा को बेहद सफल बताते हुए कहा कि प्रदेश को 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इसमें राणा होल्डिंग्स, एनआईडीआई सर्विसेज और लुलु ग्रुप जैसे बड़े निवेशक शामिल हैं। साथ ही, मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम को एशिया की सर्वश्रेष्ठ निवेश प्रोत्साहन एजेंसी का सम्मान मिलने की जानकारी भी साझा की गई।

अन्य प्रमुख जानकारियां और सौगातें

  • ई-स्कूटी वितरण: शासकीय स्कूलों की 12वीं कक्षा के 7,500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को 19 सितंबर को भोपाल में ई-स्कूटी वितरित की जाएंगी।

  • धार रेल परियोजना: छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना के अंतर्गत जोबट और टांडा रोड के बीच रेल खंड के लोकार्पण से धार जिले का सीधा रेल संपर्क गुजरात से जुड़ गया है।

  • खेलों में उपलब्धि: महिला क्रिकेट टीम द्वारा एशिया कप जीतने और महिला व पुरुष हॉकी टीमों के जूनियर एशिया कप जीतने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।

  • पर्वों की शुभकामनाएं: मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणेशोत्सव तथा जैन समाज के पर्युषण और दशलक्षण पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।