इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री ने पकड़ी जबरदस्त रफ्तार

0
7

नई दिल्ली । भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में वर्ष 2026 की पहली छमाही (जनवरी से जून) में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ी है। इस दौरान 1.48 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों की डिलीवरी हुई, जबकि हाइब्रिड कारों की बिक्री लगभग 57,855 यूनिट रही, जो इलेक्ट्रिक वाहनों की ढाई गुना अधिक बिक्री को दर्शाती है। शीर्ष 20 इलेक्ट्रिक मॉडलों की कुल बिक्री 1,39,024 यूनिट रही, जो पिछले साल की समान अवधि (83,229 यूनिट) की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है। बिक्री के आंकड़ों में एमजी विंडसर 19,080 यूनिट के साथ सबसे आगे रही, हालांकि इसकी बिक्री पिछले साल से थोड़ी कम हुई। दूसरे स्थान पर महिंद्रा एक्सईवी 9एस ने 18,074 यूनिट के साथ जगह बनाई, जिसके बाद टाटा नेक्सन ईवी ने 16,567 यूनिट के साथ तीसरा स्थान हासिल किया, जो पिछले साल की तुलना में इसकी बिक्री में खासे सुधार को दर्शाता है। टाटा पंच ईवी (15,683 यूनिट) और महिंद्रा एक्सईवी 9ई (11,242 यूनिट) ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। टाटा हैरियर ईवी की बिक्री में भारी उछाल आया, जो 10,499 यूनिट तक पहुंच गई, जबकि मारुति ई-विटारा ने 8,572 यूनिट के साथ सातवां स्थान हासिल किया।
टाटा कर्व ईवी (7,281 यूनिट) और महिंद्रा बीई 6 (6,849 यूनिट) भी शीर्ष बिकने वाले मॉडलों में शामिल रहे। टाटा टियागो ईवी (6,816 यूनिट) ने भी शीर्ष 10 में अपनी जगह बनाई, हालांकि इसकी बिक्री में मामूली गिरावट देखी गई। वहीं, हाइब्रिड कारों की बिक्री जनवरी से जून 2026 के दौरान कुल 57,885 यूनिट रही, जिसमें टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस 27,812 यूनिट के साथ सबसे आगे रही, इसके बाद टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर 18,577 यूनिट के साथ दूसरे स्थान पर रही। मारुति ग्रैंड विटारा (4,086 यूनिट) और मारुति विक्टोरिस (3,231 यूनिट) भी हाइब्रिड सेगमेंट में शामिल रहीं।