अयोध्या। डाभासेमर स्टेडियम में चल रही होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दूसरे दिन बुधवार को 675 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। कड़ी धूप और भीषण शारीरिक श्रम के कारण दौड़ के दौरान तीन अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर पड़े, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
28 मिनट में लगानी थी 12 चक्करों की दौड़
भर्ती प्रक्रिया के तहत पुरुष अभ्यर्थियों को 400 मीटर के ट्रैक पर 4.8 किलोमीटर की दौड़ 28 मिनट में पूरी करनी थी, जिसके लिए उन्हें मैदान के 12 चक्कर लगाने पड़े। सुबह 4 बजे से ही अभ्यर्थियों का स्टेडियम पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह 6 बजे से 11 बजे के बीच चार अलग-अलग स्लॉट में दौड़ संपन्न कराई गई।
कड़ी जांच और चिप आधारित तकनीक से पारदर्शी प्रक्रिया
दौड़ शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया गया। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अभ्यर्थियों के पैरों में टाइमिंग चिप बांधी गई और चेस्ट नंबर के साथ कैमरों में विवरण दर्ज किया गया। पूरी प्रक्रिया की संस्था द्वारा वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा रही है।
460 अभ्यर्थी हुए सफल, तेज धूप के कारण बाकी की परीक्षा स्थगित
इस परीक्षा में कुल 460 अभ्यर्थियों ने दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की। तेज धूप को देखते हुए 675 अभ्यर्थियों के बाद बाकी बचे उम्मीदवारों की दौड़ को स्थगित कर दिया गया। अब छूटे हुए अभ्यर्थियों को 22 सितंबर को परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाएगा।









