दिव्यांग हीरा साय के घर पहुंचकर सांसद चिंतामणि महाराज ने प्रज्ज्वलित किया आशीर्वाद का दीया

0
8

रायपुर :  जीवन में परिस्थितियां जब कठिन होती हैं, तब छोटे-छोटे बदलाव भी परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन जाते हैं। जर्जर कच्चा मकान, पति की दिव्यांगता और आर्थिक कठिनाइयों के बीच ग्राम सरईगहना निवासी मीना बाई चेरवा के परिवार के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत मिला पक्का आवास नई उम्मीद लेकर आया है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ग्राम सरईगहना पहुंचे और दिव्यांग हीरा साय के घर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया।

प्रधानमंत्री आवास मिलने और सांसद की उपस्थिति से मीना बाई भावुक हो गईं। उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उनका भी पक्का घर होगा। परिवार की परिस्थितियों और पति की दिव्यांगता के बीच कई कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन अब प्रधानमंत्री आवास में बेहतर जीवन जीने की उम्मीद जगी है।

लगभग 47 वर्षीय मीना बाई स्व-सहायता समूह से जुड़ी हैं। वे बकरी पालन का कार्य करने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में रसोइया के रूप में भी कार्य कर रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद वे परिवार को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

इस अवसर पर सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि सरकार समाज के उन परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जिन्हें विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का आवास मिलने के बाद मीना बाई के परिवार में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की उम्मीद बढ़ी है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से परिवार के नए आवास में खुशियों और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।