कजरैली में दो बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप, कर्मा-धर्मा के लिए निकली थीं घर से

0
6

नाथनगर। भागलपुर के कजरैली थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां गौराचौकी हरिजन टोला की रहने वाली दो नाबालिग बच्चियों के शव सोमवार की सुबह केलापुर बहियार स्थित एक जलस्रोत (डाड़) के पानी में उतराते हुए बरामद किए गए। दोनों बच्चियां रविवार की सुबह से ही अपने घरों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थीं।

रविवार सुबह से थीं लापता, सुबह मिला शव

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चियां रविवार की सुबह से अचानक लापता हो गई थीं, जिसके बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। सोमवार की सुबह जब ग्रामीण केलापुर बहियार की तरफ गए, तो उन्होंने पानी में दोनों बच्चियों के शवों को उतराते हुए देखा। घटना की खबर फैलते ही इलाके में कोहराम मच गया और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।

पुलिस जांच और इलाके में मातम

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कजरैली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पानी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी है। बच्चियों की अचानक इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे गांव में गहरा मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।