स्टार्टअप संचालकों से सीधे संवाद करेंगे CM मोहन यादव, भोपाल में जुटेंगे करीब 200 युवा उद्यमी

0
10

भोपाल। मध्यप्रदेश के स्टार्टअप संचालकों को अपने नए आइडिया, कार्य अनुभव और कारोबार से जुड़ी चुनौतियां सीधे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ साझा करने का एक बेहतरीन अवसर मिलने जा रहा है। आगामी 27 सितंबर को भोपाल में ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप संवाद’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 200 स्टार्टअप संचालक शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का मौका

इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव युवा उद्यमियों के साथ सीधा संवाद करेंगे। स्टार्टअप संचालक अपने अब तक के सफर, सफलताओं के साथ-साथ अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में आने वाली परेशानियों और भविष्य की योजनाओं से जुड़े सुझाव सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख सकेंगे।

चुनौतियों और नए आइडिया पर विशेष फोकस

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल सफल स्टार्टअप्स की कहानियां सुनना नहीं है, बल्कि नए आइडिया पर चर्चा करने के साथ यह समझना भी है कि प्रदेश में नए उद्यम शुरू करने और उन्हें संचालित करने में युवाओं को किन व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदेशभर से जुड़ेंगे युवा उद्यमी

इस संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के स्टार्टअप संचालकों को जोड़ा जा रहा है। एमएसएमई आयुक्त कुमार पुरुषोत्तम ने राज्य के सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय स्तर पर नए उद्यमियों की इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

कहां और कैसे होगा आयोजन

यह ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप संवाद’ भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित किया जाएगा। एमएसएमई विभाग द्वारा इस कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक स्टार्टअप संचालकों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म भी जारी कर दिया गया है, ताकि वे आसानी से अपनी प्रविष्टि दर्ज करा सकें।