जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक बिजनेसमैन से 1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए पीड़ित को धमकाते हुए कहा कि चार दिन के भीतर एक करोड़ रुपए तयशुदा जगह पर पहुंचा दे, वरना पांचवां दिन नहीं देख पाएगा और बच्चों को अनाथ कर दिया जाएगा। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर जवाहर सर्किल थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
व्हाट्सएप कॉल पर मिली जान से मारने की धमकी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बस्सी के रहने वाले एक बिजनेसमैन का ऑफिस जयपुर के जवाहर सर्किल स्थित गोकुल वाटिका में है। 18 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने धमकाते हुए कहा, "4 दिन में 1 करोड़ रुपए मैं कहूं वहां दे देना। नहीं तो 4 दिन के अंदर जान से मार दूंगा। बच्चे अनाथ हो जाएंगे। चार दिन की जिंदगी जी ले।"
ट्रू कॉलर से खुला राज और पटवारी का नाम आया सामने
डिलेड-डरे बिजनेसमैन ने जब उस मोबाइल नंबर को ट्रू कॉलर पर चेक किया, तो वह रविन्द्र कुमार महावर के नाम पर रजिस्टर्ड पाया गया। पीड़ित उन्हें पहले से जानता था क्योंकि रविंद्र कुमार पूर्व में दांतली-सिरोली में पटवारी के पद पर रह चुके हैं।जब बिजनेसमैन ने पटवारी से संपर्क किया, तो रविंद्र ने कहा कि उसने चार दिन पहले वह सिम अपने हरियाणा के एक दोस्त को दी थी और वह इस संबंध में बात करता है। इसके बाद पटवारी ने फोन कर आश्वासन दिया कि अब आगे से कोई कॉल नहीं आएगा। हालांकि, मानसिक तनाव और सुरक्षा को लेकर चिंतित पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर शनिवार सुबह जवाहर सर्किल थाने में आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज कराई।
चुनावी रंजिश और शराब पार्टी में रची गई साजिश
पुलिस की पूछताछ में आरोपी रविंद्र ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि 17 सितंबर को वह अपने दोस्तों—कपिल शर्मा, मुनीराज मीणा और रामलाल मीणा के साथ विराटनगर स्थित एक फार्म हाउस पर पार्टी करने गए थे। 18 सितंबर की सुबह जब पार्टी चल रही थी, तब बातचीत के दौरान जयपुर नगर निगम के वार्ड 61 से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े रामलाल मीणा ने कहा कि वह इस बार चुनाव हार गए हैं। इस पर कपिल शर्मा ने कहा कि उन्हें हराने के पीछे मुख्य हाथ इसी बिजनेसमैन का है, जिसने वार्ड में पैसे बांटे थे। इसी रंजिश के चलते कपिल शर्मा ने रविंद्र का फोन लेकर बिजनेसमैन को व्हाट्सएप पर धमकी भरा कॉल किया। जब बिजनेसमैन ने कॉल काट दिया और दोबारा फोन मिलाया, तो मुनीराज ने फोन उठाया और खुद को 'संदीप चौधरी हरियाणा वाला' बताकर जान से मारने की धमकी दी। ASI किशन लाल ने बताया कि पीड़ित बिजनेसमैन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









