प्रेमप्रकाश की मौत पर सस्पेंस, होटल की गैलरी में मिले खून के निशान

0
9

जयपुर। राजधानी के बजाज नगर थाना क्षेत्र स्थित होटल ब्लू शाइन के एक कमरे में बुधवार को संदिग्ध हालात में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विराटनगर के मेड निवासी प्रेमप्रकाश खींची के रूप में हुई है, जो पिछले दो-तीन महीनों से घर से लापता थे। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और वकीलों तथा परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया है।

व्हाट्सएप पर पांच पन्नों का नोट और ठगी का आरोप

मृतक प्रेमप्रकाश ने बुधवार सुबह अपने बड़े भाई के व्हाट्सएप पर पांच पन्नों का एक सुसाइड नोट भेजा था, जिसमें नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले जालसाजों के नामों का खुलासा किया गया है। जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो उनके होटल ब्लू शाइन में होने की जानकारी सामने आई। होटल प्रबंधन से संपर्क करने पर कमरे में किसी अन्य व्यक्ति के मौजूद होने की बात कही गई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में जब दोपहर करीब डेढ़ बजे कमरा खोला गया, तो प्रेमप्रकाश मृत अवस्था में मिले।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मौके पर पहुंचे परिजनों ने इस पूरी घटना को सोची-समझी साजिश के तहत हत्या करार दिया है। परिजनों का आरोप है कि मृतक के हाथ में कैनुला लगा हुआ था और ड्रिप चढ़ रही थी। इसके अलावा, शव की पीठ व शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं तथा कमरे की खिड़की के पास खून के धब्बे भी पाए गए हैं। परिजनों ने इसे आत्महत्या की बजाय हत्या बताते हुए होटल कर्मियों की भूमिका की भी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। मृतक प्रेमप्रकाश एमएससी नर्सिंग के छात्र थे और नर्सिंग छात्रों को ट्यूशन भी पढ़ाते थे। उनके परिवार में पत्नी रिया और तीन महीने का एक छोटा बच्चा है।

वकीलों का प्रदर्शन और यातायात बाधित

प्रेमप्रकाश की संदिग्ध मौत के बाद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को बड़ी संख्या में वकील बजाज नगर थाने के बाहर एकत्र हो गए। वकीलों और समर्थकों ने थाने के बाहर दोनों तरफ वाहन खड़े कर रास्ता पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थिति को संभालते हुए पुलिस ने बजाज नगर तिराहे पर बैरिकेडिंग कर यातायात को अन्य मार्गों पर डायवर्ट किया।

परिजनों की प्रमुख मांगें और धरना

थाने के बाहर धरने पर बैठे परिजनों और वकीलों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी, मृतक के आश्रितों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, पत्नी को सरकारी नौकरी और परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना शामिल है। फिलहाल मृतक का शव जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है और परिजनों द्वारा मांगे पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कही जा रही है।