प्रेमी से फोन पर बात का राज खुला तो बढ़ा विवाद, बहू पर सास को जहर देने का आरोप

0
9

बिलासपुर: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगानगर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बहू पर अपनी ही 57 वर्षीय सास को जान से मारने की नीयत से कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा था।

क्या है पूरा मामला?

57 वर्षीय पीड़िता रूखमणी ठाकुर उर्फ भूखिन ठाकुर ने अपनी बहू कविता ठाकुर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के अनुसार, घटना 17 जुलाई की है जब वह उपवास पर थीं और सुबह करीब 11 बजे काम से घर लौटी थीं। कुछ ही देर बाद बहू कविता ने उन्हें पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी। कोल्ड ड्रिंक पीने के तुरंत बाद रूखमणी की तबीयत बिगड़ने लगी, उन्हें उल्टियां और चक्कर आने लगे और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तुरंत मंगला चौक स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें सिम्स (SIMS) रेफर कर दिया गया। सिम्स में करीब एक सप्ताह तक वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझती रहीं।

सुधरने के बाद दर्ज हुआ बयान

गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के कारण पीड़िता तुरंत पुलिस को अपना बयान नहीं दे पाई। 2 अगस्त को जब उनकी सेहत में थोड़ा सुधार हुआ और वे बयान देने योग्य हुईं, तब पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उनका बयान दर्ज किया। इसके बाद 3 अक्टूबर को उन्होंने लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी बहू के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 118(1) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

प्रेम संबंध का राज खुलने पर बढ़ा विवाद

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी बहू कविता के किसी अन्य युवक के साथ प्रेम संबंध होने की जानकारी मिल गई थी। उन्होंने कविता को उस युवक से फोन पर बात करते हुए भी रंगे हाथों पकड़ लिया था। इसके बाद उन्होंने यह बात अपने बेटे (पति राजकुमार) को बताई और बहू का मोबाइल अपने पास रखने के लिए कहा। 10 जुलाई को राजकुमार ने कविता का मोबाइल अपने पास रख लिया था, जिसके बाद से बहू लगातार नाराज रहने लगी और घर में अक्सर गाली-गलौज व विवाद होने लगा। पीड़िता का अंदेशा है कि इसी रंजिश के चलते बहू ने सुनियोजित तरीके से कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर उसे पिलाया।

जेवर और नकदी लेकर मायके जाने का आरोप

रूखमणी ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही थीं, तब मौका पाकर बहू कविता अचानक घर से चली गई। वह अपने मायके वालों को बुलाकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और करीब 3.50 लाख रुपए नकद समेटकर मुंगेली जिले के ग्राम टिंगीपुर चमारी अपने मायके चली गई। पीड़िता का दर्द है कि इस बड़ी घटना के बाद बहू या उसके परिवार के किसी भी सदस्य ने उनकी सुध तक नहीं ली।

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

इस पूरे मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद जांच में करीब दो महीने का लंबा समय लग गया और कार्रवाई केवल खानापूर्ति तक सीमित रही। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है।