मुंबई। 43 साल की उम्र में भी छोटे परदे के अभिनेता हर्षद चोपड़ा अपनी फौलादी बॉडी और सिक्स पैक एब्स से दर्शकों को हैरान कर देते हैं। जब से लोगों को पता चला है कि हर्षद किसी सख्त डाइट रूटीन का पालन नहीं करते बल्कि एक बड़े फूडी हैं। प्रशंसक हर्षद की फिटनेस का राज जानना चाहते हैं। हर्षद का कहना है कि वे जब भी भूख लगती है, कुछ भी खा लेते हैं, बशर्ते वह हेल्दी और घर का बना खाना हो। वे पूर्ण रूप से शाकाहारी हैं और अपनी फिटनेस को बनाए रखने के लिए एक विशेष वर्कआउट और खाने की फिलॉसफी अपनाते हैं। हर्षद चोपड़ा का मानना है कि सुबह के समय शरीर में ऊर्जा का स्तर सबसे अधिक होता है, इसलिए वे अपने दिन की शुरुआत वर्कआउट से करते हैं। वे अपने शूटिंग शेड्यूल से पहले ही एक से दो घंटे का इंटेंस वर्कआउट खत्म कर लेते हैं। उनके वर्कआउट रूटीन में वेट ट्रेनिंग, कैलिसथेनिक्स और एक्रोबैटिक मूव्स शामिल हैं। वे हर दिन एक विशेष मांसपेशी समूह पर ध्यान केंद्रित करते हैं और 100 किलो वजन वाले डेडलिफ्ट्स जैसी कसरतें भी करते हैं। पुल-अप्स और पुश-अप्स भी उनके दैनिक दिनचर्या का हिस्सा हैं। हर्षद कहते हैं कि वर्कआउट को लेकर उनकी दिनचर्या कभी नहीं बदलती और वे इसे लगातार करते हैं।
खाने-पीने के मामले में हर्षद की फिलॉसफी काफी अलग है। वे किसी भी तरह की डाइट को नहीं अपनाते, बल्कि घर के बने हेल्दी खाने को प्राथमिकता देते हैं और बाहर का खाना बिल्कुल नहीं खाते। उन्हें भारतीय से लेकर विदेशी, हर तरह के व्यंजन पसंद हैं। जब बात चीट डे की आती है, तो हर्षद चोपड़ा को पनीर पराठा और दाल बाटी खाना बहुत पसंद है। उनके दिन की शुरुआत ब्राउन ब्रेड और पीनट बटर से होती है, जिसके बाद वे दिनभर में दाल, रोटी, सलाद और सब्जियां जैसे घर के बने पारंपरिक भोजन का सेवन करते हैं। सूप और फल भी उनकी डाइट का अभिन्न हिस्सा हैं। इसके अलावा, हर्षद दिनभर में लगभग 3-4 लीटर पानी पीकर खुद को हाइड्रेटेड रखते हैं। हर्षद चोपड़ा के अनुसार, फिटनेस का मतलब खुद को तकलीफ देना नहीं है, बल्कि एक साधारण डाइट और एक्सरसाइज रूटीन को अपनाना है।









