नई दिल्ली: इंडिया ब्लॉक (INDIA Bloc) के सांसदों और नेताओं के निर्वाचन सदन (चुनाव आयोग मुख्यालय) तक निकाले जाने वाले विरोध मार्च से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विपक्ष पर करारा हमला बोला है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रामचंदर राव ने विपक्ष के इस अभियान को देश की संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने की एक सुनियोजित कोशिश करार दिया है।
संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश
रामचंदर राव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज कांग्रेस पार्टी देश में अपनी पुरानी और नाकाम राजनीतिक शैली को फिर से जिंदा करने का पूरा प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके तहत भारत निर्वाचन आयोग (ECI), सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court) और राष्ट्रपति कार्यालय जैसी देश की सर्वोच्च संवैधानिक संस्थाओं को सोची-समझी रणनीति के तहत बदनाम किया जा रहा है।
देश में अराजकता और भ्रम फैलाने का आरोप
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष इन संवैधानिक संस्थानों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर देश के भीतर अराजकता और अस्थिरता का माहौल पैदा करना चाहता है। उनके अनुसार, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) जैसे तकनीकी और प्रशासनिक विषयों को लेकर जनता के बीच जानबूझकर भ्रामक और गलत जानकारियां फैलाई जा रही हैं, ताकि राजनीतिक रोटियां सेकी जा सकें। बीजेपी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने और उनके खिलाफ माहौल तैयार करने की विपक्ष की यह रणनीति देश की जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है, जिसे देश का मतदाता कभी स्वीकार नहीं करेगा।









