भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित प्रदेशभर में त्योहारों का मौसम नजदीक आते ही मिलावटखोरों और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। इसी बीच पतंजलि के गाय के घी को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की लैब जांच में पतंजलि गाय के घी का एक खास बैच 'असुरक्षित' पाया गया है। लैब रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित बैच को तुरंत बाजार से वापस मंगाने का आदेश जारी किया है।
तामिया की किराना दुकान से लिया गया था सैंपल
यह पूरा मामला तब सामने आया जब खाद्य विभाग की टीम ने छिंदवाड़ा जिले के तामिया स्थित एक स्थानीय किराना दुकान से पतंजलि गाय के घी के 200 एमएल पैक का सैंपल लिया और उसे जांच के लिए लैब भेजा। प्रयोगशाला में हुए परीक्षण में यह नमूना गुणवत्ता और सुरक्षा के निर्धारित मानकों पर पूरी तरह विफल साबित हुआ।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त के कड़े निर्देश
खाद्य सुरक्षा आयुक्त सुखबीर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल तामिया की दुकान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संबंधित बैच की आपूर्ति जहां-जहां भी हुई है, वहां से सारा स्टॉक तुरंत प्रभाव से जब्त किया जाएगा या वापस लिया जाएगा। त्योहारों से ठीक पहले आई इस रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा तंत्र को अलर्ट पर रख दिया है।










