बकरी चोरी कर मध्य प्रदेश पहुंचे आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 200 CCTV फुटेज खंगाले

0
8

नागौर। राजस्थान के नागौर जिले में बकरियां चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का मकराना थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश के इंदौर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की कार भी जब्त कर ली है।

मक्का और फल का लालच देकर करते थे चोरी

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सड़क किनारे चर रही बकरियों को निशाना बनाते थे। वे बकरियों को मक्का का दाना और फल खिलाकर अपने पास बुलाते थे। जब बकरियां गाड़ी के पास आ जाती थीं और आसपास लोगों की आवाजाही कम होती थी, तब आरोपी उन्हें उठाकर कार में डाल लेते थे और मौके से फरार हो जाते थे।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी

गत 5 अक्टूबर की रात और 6 अक्टूबर को कालवा गांव में बकरियां चोरी होने की घटनाएं हुईं थीं, जिसके संबंध में स्थानीय निवासियों द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। लगातार सामने आ रही चोरियों की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने नागौर-खाटू रोड, बोरावड़-अजमेर, डेगाना, मेड़ता और परबतसर क्षेत्र में लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फील्ड इंटेलिजेंस और तकनीकी मदद से संदिग्धों की पहचान की गई।

मध्य प्रदेश के तीन आरोपी गिरफ्तार

थानाधिकारी पंकज चौधरी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर क्षेत्र के रहने वाले शहजाद खान (56), हामिद शेख (36) और विष्णु लोधी (43) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे अन्य चोरियों के मामलों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।