आज के समय में जब मंहगाई दिन रात बढ़ रही है, ऐसे में पैसों को सही से मैनेज करना आसान काम नहीं रहा है. विज्ञापन में कहीं निवेश पर ज्यादा रिटर्न का लालच दिया जाता है, तो कहीं बेहतर भविष्य के नाम पर कई तरह की योजनाओं का प्रचार किया जाता है. ऐसे में सही फाइनेंस से संबंधित फैसले लेना किसी चुनौती से कम नहीं है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्राचीन भारत के महान विद्वान आचार्य चाणक्य की नीतियों से आज भी धन प्रबंधन के कई उपयोगी सबक लिए जा सकते हैं? जी हैं, आचार्य चाणक्य एक शिक्षक, दार्शनिक, राज सलाहकार के साथ-साथ बेहतरीन अर्थशास्त्री भी थे. कौटिल्य के अर्थशास्त्र में धन, राजकोष, व्यापार, प्रशासन और संकट के समय संसाधनों की सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा मिलती है. यह ग्रंथ आधुनिक शेयर मार्केट या म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए नहीं लिखा गया था, लेकिन इसमें बताए गए सिद्धांतों से आज के दौर में भी वित्तीय अनुशासन और समझदारी की प्रेरणा ली जा सकती है. आइए जानते हैं अर्थशास्त्र से प्रेरित ऐसे 5 महत्वपूर्ण वित्तीय सबक, जो आपकी बचत और निवेश की आदतों को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं.
आपातकाल के लिए हमेशा बचाकर रखें पैसा
आचार्य चाणक्य के अनुसार, जीवन में परिस्थितियां कभी भी बदल सकती हैं. अचानक बीमारी, नौकरी छूटने, कारोबार में नुकसान या घर की किसी बड़ी जरूरत के कारण अतिरिक्त पैसों की आवश्यकता पड़ सकती है. ऐसी स्थिति में यदि आपके पास पर्याप्त बचत नहीं है, तो आपको कर्ज लेने या अपने निवेश को जल्दबाजी में बेचने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है. चाणक्य के अनुसार, हमेशा मुश्किल समय के लिए धन को बचाकर रखना चाहिए.
कौटिल्य के अर्थशास्त्र में राजकोष की सुरक्षा और संकट के समय संसाधनों को सुरक्षित रखने पर जोर मिलता है. आज के घरेलू वित्तीय प्रबंधन में इससे यह सीख ली जा सकती है कि मुश्किल समय के लिए अलग से धन सुरक्षित रखना जरूरी है. इसके लिए एक इमरजेंसी फंड यानी आपातकालीन निधि तैयार कर सकते हैं.
कमाई और निवेश के लिए एक ही साधन पर निर्भर न रहें
चाणक्य कहते हैं कि अगर आपकी पूरी बचत केवल एक कंपनी के शेयर, एक कारोबार या किसी एक निवेश विकल्प में लगी है, तो उस विकल्प में परेशानी आने पर आपकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है. इसलिए पैसों के प्रबंधन में विविधता रखना महत्वपूर्ण है. चाणक्य ने बताया कि अपना धन छोटी-छोटी मात्रा में कई जगह निवेश करें. साथ ही समय-समय पर यह भी देखते रहें कि किस जगह से अच्छा फायदा मिल रहा है और किस जगह से कम.
उदाहरण के लिए अपनी जरूरत और जोखिम उठाने की क्षमता के अनुसार बैंक जमा, सरकारी बचत योजनाओं, बॉन्ड, म्यूचुअल फंड या शेयर बाजार जैसे विकल्पों का मूल्यांकन कर सकते हैं. लेकिन सिर्फ कई योजनाओं में पैसा लगाने से जोखिम कम नहीं होगा. आपको यह भी देखना जरूरी है कि आपके निवेश वास्तव में अलग-अलग क्षेत्रों में फैले हैं या सभी एक ही बाजार की परिस्थितियों से प्रभावित होते हैं.
निवेश करने से पहले पूरी जानकारी हासिल करें
चाणक्य नीति में आगे कहते हैं कि किसी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले यह समझना जरूरी है कि वह काम कैसे करती है, उससे संभावित कमाई कैसे हो सकती है और उसमें कितना नुकसान उठाना पड़ सकता है. आप जहां पैसा लगा रहे हैं तो उससे पहले उसके बारे में पूरी जानकारी लेना आपका हक है. पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद ही फाइनेंस से संबंधित कोई फैसला लें. हमेशा ध्यान रखें कि किसी के कहने भर से ही अपना धन निवेश ना करें. निवेश करने से पहले कुछ सवाल अपने आप से जरूर पूछें:
इस निवेश से कमाई कैसे होगी?
इसमें कितना जोखिम है और कितना नुकसान हो सकता है?
निवेश से जुड़े शुल्क और अन्य खर्च क्या हैं?
जरूरत पड़ने पर पैसा कितनी जल्दी निकाला जा सकता है?
क्या निवेश करने वाली कंपनी या संस्था विश्वसनीय और नियमानुसार पंजीकृत है?
अगर किसी योजना की कार्यप्रणाली समझ में नहीं आ रही है या कोई व्यक्ति बिना जोखिम के बहुत अधिक रिटर्न की गारंटी दे रहा है, तो सावधानी बरतें.
अपनी कमाई और खर्च का पूरा हिसाब रखें
चाणक्य आगे कहते हैं कि कई बार लोग अच्छी कमाई करने के बावजूद पर्याप्त बचत नहीं कर पाते. इसकी एक वजह यह भी हो सकती है कि उन्हें अपने खर्चों का सही अंदाजा नहीं होता. छोटी-छोटी खरीदारी, अनावश्यक सदस्यता शुल्क और दूसरे नियमित खर्च धीरे-धीरे बजट को प्रभावित कर सकते हैं. चाणक्य कहते हैं कि हमेशा अपनी मासिक आय, जरूरी खर्च, कर्ज की किस्तें, बचत और निवेश का रिकॉर्ड रखें. इसके लिए डायरी, स्प्रेडशीट या किसी भरोसेमंद बजट ऐप की मदद ली जा सकती है. समय-समय पर बैंक स्टेटमेंट और निवेश से जुड़े विवरण भी जांचें. इससे अनावश्यक खर्चों की पहचान करने और गलत लेन-देन को समय रहते पकड़ने में मदद मिल सकती है.
पैसे का इस्तेमाल भविष्य में मूल्य बढ़ाने के लिए करें
आचार्य चाणक्य नीति के अंत में कहते हैं कि पैसा केवल खर्च करने या बैंक खाते में जमा रखने के लिए नहीं है. उसका सही उपयोग भविष्य की जरूरतों को पूरा करने, आर्थिक सुरक्षा बढ़ाने और लंबे समय के लक्ष्यों को हासिल करने में भी किया जा सकता है. चाणक्य कहते हैं कि शिक्षा और कौशल विकास पर खर्च करने से भविष्य में कमाई की क्षमता बढ़ सकती है. नियमित बचत और अपने लक्ष्यों के अनुसार निवेश करने से घर खरीदने, बच्चों की शिक्षा या रिटायरमेंट जैसे उद्देश्यों के लिए तैयारी की जा सकती है.
चाणक्य कहते हैं कि निवेश करते समय केवल किसी संपत्ति की बढ़ती कीमत देखकर फैसला ना करें. यह समझने की कोशिश करें कि उसमें वास्तविक मूल्य या भविष्य में कमाई की संभावना किस आधार पर है. शेयर बाजार में निवेश करते समय कंपनी की वित्तीय स्थिति, कारोबार और जोखिम का आकलन करें. इसी तरह किसी भी निवेश विकल्प को चुनने से पहले उसकी लागत और संभावित नुकसान को समझें.









