रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आगामी 27 अक्टूबर को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में राज्य सरकार कई बड़े और अहम नीतिगत निर्णय ले सकती है।
धान खरीदी और किसानों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा
आगामी धान खरीदी सत्र को सुचारू रूप से शुरू करने और किसानों के हित में कई बड़े फैसले लिए जाने की संभावना है। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, कृषि तकनीक, सहकारी समितियों से जुड़े मामलों और किसानों की सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। बैठक में प्रदेश के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं की भी गहन समीक्षा की जाएगी।
पिछली कैबिनेट के प्रमुख निर्णय
इससे पूर्व 11 अक्टूबर को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। उस बैठक में सशस्त्र बलों में सेवा दे चुके पूर्व अग्निवीरों के कौशल का लाभ उठाने के लिए गृह विभाग में आरक्षक के पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दी गई थी, जिसके तहत पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, प्रशासनिक सुधार के तहत 'आदिम जाति विकास विभाग' का नाम बदलकर 'जनजातीय कार्य विभाग' किए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई थी। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे होने पर उनके अभिनंदन का प्रस्ताव भी पारित किया गया था।









