Big meeting in delhi: इस वर्ष के अंत में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए कांग्रेस पार्टी जोर लगाए हुए हैं। कई बड़े नेताओं को क्षेत्रों की जिम्मेदारी देने, सर्वे कराने के साथ बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को संगठित करने लगातार कमलनाथ बैठकें कर रहे हैं। दिल्ली मे राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सहित डेढ़ दर्जन वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी कार्य योजना बनाने बैठक कर रहे हैं।
दिल्ली में बैठक से पहले प्रदेश में डिंडौरी, अलीराजपुर और विदिशा के जिलाध्यक्ष कमलनाथ ने बदल दिए हैं। इस बदलाव के बाद डिंडौरी में हटाए गए जिला अध्यक्ष के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने इस्तीफे दे दिए हैं। सभी ने स्पष्ट आरोप लगाए हैं कि कमलनाथ ने निष्ठावान कार्यकर्ताओं की बात न सुनकर पूर्व मंत्री व विधायक ओमकार सिंह मरकाम के कहने पर जिला अध्यक्ष हटा दिया। पार्टी ने डिंडौरी के हटाए गए जिलाध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला को अर्यादित आचरण करने पर पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।
विरोध जताने मिलेंगे कमलनाथ से
डिंडौरी में पार्टी में बड़ी बगावत के बीच अलीराजपुर के हटाए गए जिलाध्यक्ष केसर सिंह डाबर ने कहा कि मुझे बिना कारण के हटाया गया है। मैंने कमलनाथ से मिलने का समय मागा, बुधवार को मिलने का समय मिला है। बुधवार को कमलनाथ से मुलाकात के बाद आगे क्या करना है तय करूंगा। वहीं विदिशा के जिला अध्यक्ष पद से हटाए गए कमल सिलाकारी ने भी मिलने का समय मांगा है, लेकिन उन्हें अभी तक कमलनाथ से मिलने का समय नहीं दिया है।
ज्ञात हो कि विदिशा में कमल सिलाकारी को हटाकर राकेश कटारे, डिंडौरी में वीरेंद्र बिहारी को हटाकर ओबीसी वर्ग के अशोक पडवार और अलीराजपुर में केसर सिंह डाबर को जिला अध्यक्ष पद से कटाकर ओम राठौर को जिला अध्यक्ष बना दिया है।