भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी के काफिले पर हमला हुआ है। शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार पर पथराव किया। इस घटना में उनकी कार के सामने का शीशा टूट गया। हालांकि भाजपा विधायक को किसी तरह की चोट नहीं आई।घटना बरायठा थाना क्षेत्र के कराई गांव के पास की है।
बताया जा रहा है कि विधायक लोधी अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनकी कर पर हमला किया।
बंडा विधायक लोधी ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि वह शनिवार रात विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में शादी समारोहों में शामिल होने गए थे। जब वे लौट रहे थे, तभी सिलोट नदी के घाट पर अज्ञात व्यक्ति ने चलती कार पर पत्थर मारा।
शिकायत में बताया कि वे आगे की सीट पर बैठै थे और कार के सामने वाले कांच पर आकर पत्थर लगा, जिससे कांच टूट गया। पुलिस ने विधायक की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।