जयपुर। इस साल जयपुर के बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा गए हैं। दीपावली को लेकर व्यापार मंडलों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस साल अलग-अलग बाजारों को थीम के आधार पर सजाया जा रहा है। इसमें अयोध्या, मिस्र के पिरामिड, कैंडल, राजस्थान राइजिंग जैसे थीम शामिल हैं।
राजापार्क व्यापार मंडल के अध्यक्ष के नेतृत्व में दीपावली सजावट समिति बनाई गई है। जो विशेष रूप से बाजार के सजावट का काम कर रही है। राजापार्क में इस बार दीपावली की सजावट अयोध्या के श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की थीम पर होग। राजापार्क के मुख्य चौराहे पर रामलला की प्रतिमा लगाई जा रही है। बाजार के मेन चौराहे पर झूमर के साथ रंग-बिरंगी लाइट लगाई जा रही है। लाइटिंग के साथ पोल पर लगी मोर की आकृतियां बाजार की खूबसूरती में चार चांद लगा रही हैं। बाजारों में जगह-जगह लक्ष्मी गणेश के चित्र को लाइटिंग के साथ लगाया जा रहा है।
बाजार में दीपावली पर सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। व्यापार मंडल की ओर से ट्रैफिक व्यवस्था को मैनेज करने के लिए प्राइवेट गाड्र्स भी लगाए जा रहे हैं। बाजार में चार जगहों पर बड़े-बड़े विशाल गेट बनाए गए हैं।
चांदपोल बाजार को कैंडल थीम पर सजाया जाएगा, जिसमें करीब 15000 एलईडी बल्ब का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही छोटी चौपड़ पर मिस्र की पिरामिड देखने को मिलेगी। इसकी हाइट 40 से 50 फीट और चौड़ाई 60 से 70 फीट होगी। इसे 50 से ज्यादा बंगाल के कारीगर पिछले एक महीने से तैयार करने में जुटे हैं।