Vastu Tips: सनातन धर्म में वास्तु दोष का विशेष ख्याल रखा जाता है। लापरवाही बरतने से जीवन में अस्थिरता आ जाती है। साथ ही आर्थिक परेशानियां भी बढ़ जाती हैं। इसके अलावा, परिवार के सदस्यों के बीच कलह की स्थिति रहती है। ज्योतिष शास्त्र में वास्तु दोष को दूर करने के लिए कई उपाय बताए गए हैं। इनमें एक उपाय मोर के पंख को घर में रखना है।ज्योतिष शास्त्र में घर की नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने के लिए बहुत से छोटे-छोटे उपाय बताए गए हैं इन्हीं में से एक है मोर पंख का घर में रखना। ज्योतिष शास्त्र मानता है कि मोर पंख हमारे आसपास की नकारात्मक ऊर्जा को दूर करता है और हमारे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ाता है। मोर पंख भगवान कृष्ण को अत्यंत प्रिय है और वे इसे अपने मुकुट पर सजाया करते हैं। पौराणिक काल में महर्षियों ने भी मोरपंखी कलम बनाकर बड़े-बड़े ग्रंथों की रचना की। इन सब बातों से पता चलता है कि मोर का पंख हमारे लिए कितना महत्वपूर्ण और पवित्र है। अगर आप भी पारिवारिक कलह से परेशान हैं और इससे निजात पाना चाहते हैं, तो मोर के पंख के ये उपाय जरूर करें।
गृह क्लेश से मुक्ति के लिए
यदि किसी व्यक्ति के घर में काफी दिनों से ग्रह क्लेश चल रहा है, तो ऐसे में उस व्यक्ति को अपने घर के मुख्य दरवाजे पर तीन मोर पंख लगाकर “ॐ द्वारपालाय नमः जाग्रय स्थापये स्वाहा” मंत्र लिखना चाहिए और भगवान गणेश की मूर्ति नीचे लगाना चाहिए। माना जाता है ऐसा करने से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। साथ ही विषैले जीव जंतु थी घर में प्रवेश नहीं कर पाते।
दुश्मनों से मुक्ति के लिए
बजरंगबली के मस्तक पर लगा सिंदूर शनिवार और मंगलवार के दिन मोरपंख पर लगाएं और सुबह बिना मुंह धोए इसे किसी बहते हुए पानी में डाल दें। मान्यता के अनुसार, ऐसा करने से आपको अपने दुश्मनों से हो रही परेशानी दूर होगी।
वास्तुदोष निवारण के लिए
यदि आपको ऐसा लगता है कि आपके घर का वास्तु ठीक नहीं है या किसी प्रकार का कोई वास्तु दोष है, तो इसे ठीक करने के लिए अपने घर के आग्नेय कोण मतलब पूर्व और दक्षिण दिशा के बीच के स्थान में मोर का पंख लगाना चाहिए। इसके अलावा आप अपने घर के ईशान कोण पर भगवान कृष्ण की फोटो के साथ मोर पंख लगा सकते हैं। मान्यता के अनुसार ऐसा करने से घर का वास्तु दोष दूर हो सकता है।
ग्रहों के बुरे प्रभाव को कम करने के लिए
यदि आपकी कुंडली का कोई ग्रह आपको हानि पहुंचा रहा है या परेशान कर रहा है तो ऐसे में आप मोरपंख पर 21 बार उस ग्रह का मंत्र बोलकर पानी के छींटे दें और ऐसे स्थान पर रख दें जहां से यह दिखाई ना दे। मान्यता के अनुसार, ऐसा करने से ग्रह का गलत प्रभाव जल्द दूर होता है।








