केजेएस ढिल्लन की किताब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बनेगी फिल्म

0
4

मुंबई । बॉलीवुड के राष्ट्रवादी फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री और निर्माता भूषण कुमार मिलकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम की फिल्म बना रहे हैं। यह फिल्म पूर्व आर्मी चीफ केजेएस ढिल्लन की किताब ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान से प्रेरित है, जिसमें भारत की सीमाओं के भीतर और बाहर हुई महत्वपूर्ण सैन्य कार्रवाइयों का विवरण दिया गया है।
 यह फिल्म आतंकवाद और सुरक्षा से जुड़े वास्तविक घटनाक्रमों पर आधारित होगी। विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया के जरिए इस फिल्म की घोषणा करते हुए बताया कि यह कहानी सिर्फ एक फिल्मी प्रस्तुति नहीं, बल्कि उन सच्चाइयों को सामने लाने का प्रयास है, जिन्हें आमतौर पर व्यापक रूप से नहीं जाना जाता। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उपमहाद्वीप की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटनाओं पर आधारित है और इसमें उन पहलुओं को दिखाया जाएगा, जिन्होंने भारत की रणनीतिक सोच को नई दिशा दी। निर्देशक के अनुसार, फिल्म की कहानी पहलगाम आतंकी हमले के बाद की परिस्थितियों और उसके जवाब में की गई कार्रवाइयों पर केंद्रित होगी।
इस प्रोजेक्ट के लिए भारतीय सशस्त्र बलों के विभिन्न विभागों के साथ गहन शोध किया गया है, ताकि घटनाओं को यथासंभव तथ्यात्मक और प्रामाणिक तरीके से दर्शाया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिल्म का उद्देश्य सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि सिनेमा के माध्यम से वास्तविक घटनाओं को स्पष्टता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करना है। इस फिल्म का निर्माण टी-सीरीज और आई एम बुद्धा प्रोडक्शन के बैनर तले किया जाएगा। हालांकि, फिल्म की कास्ट, शूटिंग शेड्यूल और रिलीज डेट को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों और फिल्म उद्योग में उत्सुकता बढ़ती जा रही है, खासतौर पर इसलिए क्योंकि यह एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण विषय को छूती है।
 विवेक अग्निहोत्री इससे पहले भी कई गंभीर और सामाजिक-राजनीतिक विषयों पर आधारित फिल्में बना चुके हैं। उनकी चर्चित फिल्म द कश्मीर फाइल्स ने कश्मीरी पंडितों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था और देशभर में व्यापक चर्चा का विषय बनी थी। इसके अलावा उनकी आगामी फिल्म द बेंगाल फाइल्स भी सुर्खियों में है, जिसमें पश्चिम बंगाल से जुड़े मुद्दों को दिखाया जाएगा। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए अग्निहोत्री एक बार फिर वास्तविक घटनाओं को बड़े पर्दे पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।