स्लो ओवर रेट पर BCCI का एक्शन, हार्दिक पर ₹30 लाख और अय्यर पर ₹24 लाख का जुर्माना

0
108

MI vs PBKS: IPL 2025 के क्वालीफायर-2 में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से धूल चटाई और IPL 2025 फाइनल में प्रवेश किया. फाइनल में पहुंचने के बावजूद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर BCCI ने जुर्माना ठोका. अय्यर ही नहीं, बल्कि MI के कप्तान हार्दिक पांड्या पर भी BCCI ने फाइन लगाया. यह जुर्माना अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए क्वालीफायर-2 मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण लगाया गया है.

Shreyas-Hardik दोनों पर लगा फाइन
IPL 2025 क्वालीफायर-2 मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जहां बारिश के चलते दो मैच दो घंटे की देरी से शुरू हुआ. इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए मुंबई इंडियंस ने 203 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने 87 रन की नाबाद पारी खेली और एक ओवर शेष रहते ही लक्ष्य को हासिल कर दिया.

अय्यर ने मैच में 41गेंदों में 87 रन की पारी खेली, जिसमें 8 छक्के शामिल रहे. उनके इस प्रदर्शन ने मुंबई के 200 प्लस रन के लक्ष्य का पीछा करने का रिकॉर्ड तोड़ दिया. ऐसा पहली बार हुआ जब किसी टीम ने मुंबई के खिलाफ ये लक्ष्य आसानी से हासिल किया. इस मैच में मिली जीत के साथ पंजाब किंग्स की टीम ने IPL 2025 फाइनल में जगह बनाई. लेकिन मैच के बाद मुंबई और पंजाब दोनों टीमों के कप्तान पर BCCI ने जुर्माना लगाया. धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए दोनों कप्तानों और टीम के खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया.

मुंबई की हार के साथ जुर्मानों की मार
बता दें कि ये पंजाब का सीजन का दूसरा धीमा ओवर गति का अपराध रहा, जिसके चलते कप्तान श्रेयस अय्यर पर 24 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया. साथ ही, प्लेइंग इलेवन के खिलाड़ी और इम्पैक्ट प्लेयर में शामिल सभी खिलाड़ियों पर 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25%, जो भी कम हो, उसका जुर्माना लगाया गया. वहीं, दूसरी तरफ हार के साथ ही मुंबई इंडियंस का IPL 2025 से सफर समाप्त हुआ.

इस हार के साथ ही मुंबई की टीम का दर्द खत्म नहीं हुआ. स्लो ओवर रेट का मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन का तीसरा अपराध था. इस कारण हार्दिक पांड्या पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. टीम के बाकी खिलाड़ियों पर भी 12 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 50%, जो भी कम हो, का जुर्माना लगाया गया.ये दोनों जुर्माने IPL की आचार संहिता के तहत न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित नियमों के उल्लंघन के लिए लगाए गए थे.

IPL 2025 में मिलेगा नया चैंपियन
मुंबई को मात देकर पंजाब किंग्स की टीम ने IPL 2025 फाइनल में जगह बनाई, जहां उसका सामना आरसीबी से 3 जून को होना है. यह दोनों ही टीमों के लिए बेहद ही खास है, क्योंकि दोनों ही टीमों ने आजतक एक बार भी IPL की ट्रॉफी नहीं जीती है. ऐसे में इस बार IPL में नया चैंपियन मिलने वाला है.